नवरात्री के पहले दिन से क्या हुआ सस्ता क्या हुआ महंगा, जानें पूरी खबर
नवरात्रि से देश में जीएसटी 2.0 लागू, रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती हुईं जबकि तंबाकू, लग्जरी कारें और कोल्ड-ड्रिंक महंगी। सरकार का दावा- आम जनता को बचत का बड़ा लाभ मिलेगा।
➤ GST सुधार आज से लागू, सिर्फ दो टैक्स स्लैब रहेंगे
➤ जरूरी सामान सस्ता, कार-AC-सीमेंट पर भी राहत
➤ लग्जरी और हानिकारक वस्तुओं पर 40% टैक्स लागू
नई दिल्ली। नवरात्र की शुरुआत के साथ ही आम जनता को बड़ी राहत मिली है। केंद्र सरकार द्वारा घोषित GST सुधार आज से यानी 22 सितंबर से लागू हो गए हैं। इसके बाद रोजमर्रा के सामान, वाहन और कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतें कम हो गई हैं। सरकार का दावा है कि इससे देशवासियों को लगभग ₹2 लाख करोड़ की बचत होगी।
GST काउंसिल की 56वीं बैठक में यह फैसला लिया गया था, जिसकी घोषणा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 3 सितंबर को की थी। सुधार के तहत अब तक प्रचलित चार टैक्स स्लैब (5%, 12%, 18%, 28%) को घटाकर केवल दो टैक्स स्लैब 5% और 18% कर दिए गए हैं। इसके अलावा, अल्ट्रा लग्जरी और हानिकारक वस्तुओं के लिए एक नई 40% की दर तय की गई है।
क्या-क्या हुआ सस्ता?
पनीर, बिस्कुट, मक्खन, अनाज, सूखे मेवे
घी, आइसक्रीम, फलों के रस, नारियल पानी
जैम, केचप, नमकीन, पेस्ट्री, सॉसेज
शैम्पू, साबुन, हेयर ऑयल, फेस क्रीम, टैल्कम पाउडर
AC, वॉशिंग मशीन, टीवी, डिशवॉशर
छोटी कारें और 350cc तक की मोटरसाइकिलें
सीमेंट, जिसकी दर 28% से घटकर 18% हो गई
33 जरूरी दवाइयां, जिनमें कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां शामिल
लाइफ और हेल्थ इंश्योरेंस पर टैक्स अब शून्य
क्या-क्या हुआ महंगा?
सरकार ने हानिकारक और लग्जरी सामानों को 40% टैक्स स्लैब में रखा है। इसमें शामिल हैं—
पान मसाला और तंबाकू उत्पाद
कार्बोनेटेड ड्रिंक्स
महंगी कारें, नौकाएं, प्राइवेट जेट
सरकार का कहना है कि यह कदम टैक्स सिस्टम को सरल बनाने और आम जनता को राहत देने के लिए उठाया गया है। जहां एक ओर आवश्यक वस्तुएं और रोजमर्रा के सामान सस्ते होंगे, वहीं लग्जरी और हानिकारक वस्तुओं पर बोझ बढ़ाकर संतुलन कायम किया जाएगा।