भिवानी की बेटियों ने वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मचाई धूम
भिवानी की तीन बेटियों ने इंग्लैंड में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया। जैस्मिन लंबोरिया बनीं भारत की 9वीं वर्ल्ड चैंपियन।
➤ भिवानी की तीन बेटियों ने वर्ल्ड चैंपियनशिप मुक्केबाजी में चमक बिखेरी
➤ जैस्मिन लंबोरिया बनीं देश की 9वीं वर्ल्ड चैंपियन
➤ नुपुर श्योराण और पूजा बोहरा ने रजत व कांस्य जीतकर बढ़ाया मान
हरियाणा के खेल नगरी कहे जाने वाले भिवानी जिले ने एक बार फिर पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। इंग्लैंड के लीवरपुल में 4 से 14 सितंबर तक आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत की तीन बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया।
सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की जैस्मिन लंबोरिया ने, जिन्होंने 57 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश की 9वीं वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस जीत के साथ न केवल परिवार बल्कि पूरे देश ने उत्सव का माहौल महसूस किया।
वहीं नुपुर श्योराण ने 80 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा पूजा बोहरा ने 80 किलोग्राम भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर पदक तालिका में भारत का परचम ऊंचा किया।
जीत की खबर मिलते ही भिवानी में जश्न का माहौल छा गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और बेटियों के जज्बे को सलाम किया। परिवार का कहना है कि बेटियों ने अनुशासन और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है।
भीम अवॉर्डी कोच संजय श्योराण ने बेटियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह सब बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के सहयोग और सही दिशा-निर्देश से संभव हो पाया। वहीं जैस्मिन लंबोरिया के कोच संदीप, मां रविंद्र कौर और पिता जयबीर ने कहा कि अगर बेटियों पर विश्वास जताकर अवसर दिया जाए तो वे हमेशा देश को मेडल दिलाकर गौरवान्वित करेंगी।
यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि भिवानी की मिट्टी मुक्केबाजों को तैयार करने की सबसे उपजाऊ धरती है, जिसने देश को कई दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं।
Akhil Mahajan