कारोबारी से 1 करोड़ की रंगदारी की मांग, रोहित गोदारा गैंग के नाम पर वॉट्सएप कॉल से धमकी
करनाल में एक कारोबारी से रोहित गोदारा गैंग के नाम पर वॉट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ वॉट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए कारोबारी से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी
➤ बेटे की पढ़ाई और गतिविधियों की जानकारी बताकर परिवार को दी जान से मारने की धमकी
➤ विदेशी नंबर से आया ऑडियो, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
करनाल शहर में एक कारोबारी को रोहित गोदारा गैंग के नाम पर वॉट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज भेजकर 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले ने कारोबारी और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की चेतावनी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने कारोबारी के बेटे की पढ़ाई और उसकी गतिविधियों की जानकारी होने का दावा भी किया, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह व्यवसाय के साथ एक फैक्ट्री भी संचालित करते हैं। 1 जुलाई की शाम करीब 6:45 बजे उनके मोबाइल पर वॉट्सएप वॉइस कॉल आई, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर सके। इसके कुछ ही देर बाद करीब 45 सेकेंड का ऑडियो मैसेज आया, जिसे सुनने के बाद परिवार के होश उड़ गए।
ऑडियो मैसेज में कॉलर ने खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बताते हुए 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। आरोपी ने कारोबारी के बेटे का नाम लेते हुए कहा कि उसे पता है कि वह कहां पढ़ता है और उसकी पूरी रेकी की जा चुकी है। इस दावे के बाद परिवार को लगा कि धमकी देने वालों के पास उनकी निजी जानकारी मौजूद है।
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि धमकी वाला ऑडियो विदेशी मोबाइल नंबर से भेजा गया था। उन्होंने संबंधित नंबर के स्क्रीनशॉट और ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है। साथ ही अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।
मामले की जांच सब इंस्पेक्टर संदीप को सौंपी गई है। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और तकनीकी पहलुओं के साथ धमकी देने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। SHO तरसेम ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan