रोहतक में बाप-बेटे की गोलियां मारकर हत्या:दूसरा बेटा मर्डर के आरोप में जेल में बंद
रोहतक के बलियाणा गांव में बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या। चार-पांच हमलावरों ने घर और पड़ोस में घुसकर दोनों को मारा। रंजिश में वारदात होने की आशंका।
-
रोहतक के बलियाणा गांव में बाप-बेटे की गोलियों से हत्या
-
चार-पांच हमलावरों ने घर और पड़ोसी के घर में घुसकर किया हमला
-
पिछले साल हुए मर्डर केस की रंजिश में वारदात होने की आशंका
हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात हुई। बलियाणा गांव में एक ही परिवार के बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही IMT थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
मृतकों की पहचान धर्मवीर (58) और उसके बेटे दीपक (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय धर्मवीर अपने घर पर था, जबकि दीपक घर से कुछ दूरी पर पड़ोसियों के यहां बैठा हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक, चार से पांच युवक शुक्रवार दोपहर गांव में पहुंचे। पहले वे धर्मवीर के घर में घुसे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसके बाद हमलावर सीधे पड़ोसियों के घर पहुंचे, जहां दीपक सोफे पर बैठकर बातचीत कर रहा था। हमलावरों ने दीपक पर भी गोलियां दाग दीं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की है। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से सैंपल लिए गए।
ग्रामीणों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, पिछले साल गांव में एक युवक की हत्या हुई थी, जिसमें धर्मवीर के दूसरे बेटे सागर का नाम आया था। सागर फिलहाल इसी मामले में जेल में बंद है। आशंका जताई जा रही है कि यही पुरानी रंजिश इस डबल मर्डर की वजह बनी है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Author1