अब फेस और फिंगरप्रिंट से होगा UPI पेमेंट
UPI पेमेंट सिस्टम में बड़ा बदलाव, अब यूजर्स फेस और फिंगरप्रिंट के जरिए पेमेंट कर सकेंगे। सरकार ने NPCI के बायोमेट्रिक फीचर को मंजूरी दी। इससे डिजिटल ट्रांजैक्शन होंगे और सुरक्षित, PIN डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
➤ UPI यूजर्स अब फेस और फिंगरप्रिंट से पेमेंट कर सकेंगे
➤ NPCI के बायोमेट्रिक फीचर को सरकार ने दी मंजूरी, PIN होगा ऑप्शनल
➤ ATM से कैश निकालने और UPI PIN सेट करने में भी होगा बायोमेट्रिक इस्तेमाल
देश के करोड़ों UPI यूजर्स के लिए बड़ी खबर है। अब पेमेंट के लिए PIN डालने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि अब आप फिंगरप्रिंट या फेस ID के जरिए सीधे UPI ट्रांजैक्शन कर सकेंगे।
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के इस नए बायोमेट्रिक फीचर को केंद्र सरकार ने 7 अक्टूबर को मंजूरी दे दी है। RBI के डिप्टी गवर्नर टी. रबी शंकर ने मुंबई में चल रहे ग्लोबल फिनटेक इवेंट में इस फीचर को लॉन्च किया।
NPCI का कहना है कि यह नया फीचर डिजिटल पेमेंट को ज्यादा आसान, सुरक्षित और फ्रॉड-फ्री बनाएगा। आने वाले समय में गूगल पे, फोनपे, पेटीएम जैसे प्रमुख UPI एप्स इस सिस्टम को एड करेंगे।
PIN की झंझट खत्म, फिंगरप्रिंट से पेमेंट संभव
नए सिस्टम के तहत यूजर को पेमेंट करते समय अब PIN डालने की बजाय अपने फेस या फिंगरप्रिंट से ऑथेंटिकेशन करना होगा। जैसे आप फोन अनलॉक करते हैं, वैसे ही अब UPI पेमेंट भी अनलॉक होगा। इससे न केवल सुविधा बढ़ेगी, बल्कि सुरक्षा भी मजबूत होगी।
UPI PIN सेट और ATM से कैश निकालने में भी बदलाव
अब अगर यूजर नया UPI अकाउंट बना रहा है या PIN भूल गया है, तो उसे कार्ड की जानकारी या OTP की जरूरत नहीं होगी। सीधे फिंगरप्रिंट स्कैन से PIN सेट या रीसेट किया जा सकेगा।
इतना ही नहीं, UPI ATM से कैश निकालते समय भी बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन से पैसा निकलेगा। यानी न कार्ड की जरूरत, न PIN याद रखने की परेशानी।
NPCI का दावा: पहले से कई गुना ज्यादा सुरक्षित सिस्टम
NPCI के अनुसार, हर ट्रांजैक्शन पर बैंक अपना क्रिप्टोग्राफिक सिक्योरिटी चेक लागू करेगा। यह एक गुप्त कोड होता है जो केवल बैंक के सिस्टम द्वारा ही पढ़ा जा सकता है। इससे किसी हैकर द्वारा ट्रांजैक्शन इंटरसेप्ट करना लगभग असंभव हो जाएगा।
ग्रामीण इलाकों में बढ़ेगा डिजिटल पेमेंट का दायरा
एक्सपर्ट्स का मानना है कि बायोमेट्रिक पेमेंट से ग्रामीण इलाकों में डिजिटल लेनदेन का दायरा तेजी से बढ़ेगा। जहां लोगों के पास स्मार्टफोन तो हैं लेकिन PIN डालने में कठिनाई होती है, वहां अब केवल अंगूठा या चेहरा ही पहचान बनेगा।
जल्द सभी UPI एप्स में उपलब्ध होगा फीचर
NPCI ने कहा है कि यह सुविधा सभी प्रमुख UPI प्लेटफॉर्म्स पर जल्द लागू होगी। शुरुआती चरण में इसे Google Pay, PhonePe, Paytm जैसे एप्स पर देखा जा सकेगा।
Akhil Mahajan