तैराकी कोच की दर्दनाक मौत, कार ने मारी टक्कर

बहादुरगढ़ के बालौर फ्लाईओवर पर कार की टक्कर से तैराकी कोच नवनीत खत्री की मौत। कार चालक वाहन छोड़कर फरार। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तैराकी कोच की दर्दनाक मौत, कार ने मारी टक्कर
  • बालौर फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, स्कूटी सवार तैराकी कोच नवनीत खत्री की मौत

  • तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक वाहन छोड़कर फरार

  • परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू


बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित बालौर फ्लाईओवर बाईपास पर सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार तैराकी कोच नवनीत खत्री की मौत हो गई। नवनीत दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग में तैराकी कोच के रूप में कार्यरत थे और एचएल सिटी स्विमिंग पूल में कोचिंग देने के लिए घर से निकले थे। हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

थाना सदर पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दिल्ली के नांगलोई रतन पार्क निवासी नवनीत खत्री के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह करीब 8 बजे बजघेड़ा में कोचिंग देने और बाद में HL City स्विमिंग पूल पहुंचने के लिए अपनी स्कूटी पर घर से निकले थे। रात करीब 10:30 बजे घर लौटते समय बालौर फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार ट्राइबर कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और नवनीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक कार छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने नवनीत के बड़े भाई निखिल खत्री को दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और 112 एम्बुलेंस की मदद से शव को सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ पहुंचाया गया, जहां उसे शवगृह में रखवाया गया। परिजनों ने बताया कि चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है और गैरजिम्मेदाराना ड्राइविंग ने उनके परिवार का एक अनमोल सदस्य छीन लिया।

पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।