फेरों से पहले दूल्हा-दुल्हन ने कराया SIR पंजीकरण, शादी से दिया लोकतंत्र मजबूत करने का संदेश

चरखी दादरी में दूल्हा-दुल्हन ने फेरों से पहले SIR डिजिटल पंजीकरण कराकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। इस अनूठी पहल की लोगों ने जमकर सराहना की।

फेरों से पहले दूल्हा-दुल्हन ने कराया SIR पंजीकरण, शादी से दिया लोकतंत्र मजबूत करने का संदेश

चरखी दादरी में विवाह से पहले दूल्हा-दुल्हन ने कराया SIR डिजिटल पंजीकरण

मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शादी समारोह बना लोकतंत्र का संदेशवाहक

उपस्थित मेहमानों से भी समय पर मतदाता सूची संबंधी कार्य पूरे करने की अपील


हरियाणा के चरखी दादरी में एक दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी को सामाजिक संदेश का माध्यम बनाते हुए अनूठी मिसाल पेश की। विवाह के फेरे शुरू होने से पहले दोनों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अपना डिजिटल पंजीकरण कराया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को मतदाता जागरूकता के प्रति प्रेरित करना था।

निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे SIR अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता संजय रामफल की पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त मनदीप कौर के मार्गदर्शन में विवाह समारोह के दौरान परिवार, रिश्तेदारों और मेहमानों की मौजूदगी में दूल्हा-दुल्हन ने डिजिटल पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की।

दूल्हा धीरज और दुल्हन अंतिमा ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। उनका मानना है कि यदि विवाह जैसे शुभ अवसरों पर भी लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाए तो समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचता है और लोकतंत्र अधिक मजबूत होता है।

दूल्हे के पिता सत्यवीर सिंह और माता सुनीता देवी ने कहा कि उनके पुत्र के विवाह समारोह से समाज को लोकतंत्र के प्रति जागरूक करने का संदेश मिला है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग करना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग निर्वाचन आयोग के अभियानों से जुड़ सकें।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना की और संकल्प लिया कि वे स्वयं भी समय पर मतदाता सूची से जुड़े कार्य पूरे करेंगे तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदाता जागरूकता अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगे।