Watch Video: कांग्रेस ने पोस्ट किया PM मोदी का चाय बेचते AI वीडियो, BJP बोली- शर्मनाक
कांग्रेस ने PM मोदी का चाय बेचते AI वीडियो पोस्ट किया, भाजपा ने इसे शर्मनाक बताते हुए विरोध जताया। पहले भी कई AI वीडियो विवाद का कारण बन चुके हैं।
➤ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर PM मोदी का चाय बेचते दिखाया AI वीडियो, 6 सेकेंड का क्लिप वायरल
➤ भाजपा ने कहा शर्मनाक, बोली- OBC समुदाय से आने वाले कामदार PM का अपमान, जनता माफ नहीं करेगी
➤ पहले भी कई AI वीडियो विवाद, PIB फर्जी बताकर चेतावनी जारी कर चुका है
नई दिल्ली। कांग्रेस और भाजपा के बीच सोशल मीडिया वार एक बार फिर तेज हो गया है। बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चाय बेचते हुए एक AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में PM मोदी को चायवाला दिखाया गया है। उनके हाथ में चाय की केतली और ग्लास है। बैकग्राउंड में भारत सहित कई देशों के झंडे नजर आ रहे हैं।
AI वीडियो में मोदी को जोर से बोलते हुए दिखाया गया— ‘चाय बोलो… चाय चाहिए…’। वीडियो पोस्ट करते हुए रागिनी नायक ने कैप्शन लिखा— “अब ई कौन किया बे।” कुछ ही देर में यह वीडियो ट्रेंड करने लगा।
इस वीडियो को लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे शर्मनाक बताया और X पर लिखा— “नामदार कांग्रेस OBC समुदाय से आने वाले कामदार प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर सकती। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।”
यह पहला मौका नहीं है, जब कांग्रेस की तरफ से PM मोदी का AI वीडियो वायरल हुआ है। 12 सितंबर को बिहार कांग्रेस ने PM मोदी और उनकी मां हीराबेन जैसी दिखने वाली बुजुर्ग महिला को दिखाते हुए 36 सेकेंड का AI वीडियो पोस्ट किया था। उस वीडियो में मां-बेटे के बीच काल्पनिक वार्तालाप दिखाया गया था, जिसे बाद में विवाद का मुद्दा बनाया गया।
इसके बाद 22 अक्टूबर को कांग्रेस ने AI वीडियो शेयर किया जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को हिंदी में PM मोदी को निर्देश देते दिखाया गया था। वीडियो में ट्रम्प पाकिस्तान पर हमला रोकने और रूस से तेल न खरीदने के लिए कहते हैं और PM मोदी ‘जी हुजूर’ कहते नजर आते हैं। वीडियो के अंत में आवाज आती है— “डरपोक प्रधानमंत्री देश का भला नहीं कर सकता।”
इस पर प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) ने वीडियो को फर्जी बताते हुए कहा था कि AI की मदद से झूठा नैरेटिव फैलाया जा रहा है।
कांग्रेस के बाद भाजपा भी पीछे नहीं रही। बिहार भाजपा ने भी AI वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें लालू यादव हाथ में चारा, तेजस्वी के हाथ में तरबूज, अखिलेश के हाथ में टोंटी और राहुल गांधी आलू पकड़े हुए दिखाए गए थे। कैप्शन लिखा गया— “पुराने कारनामे, नए props! पेश है इंडी का असली रंग।”
सोशल मीडिया पर राजनीति अब AI वीडियो वॉर में बदलती दिखाई दे रही है, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे को निशाना बना रहे हैं।
Author1