इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस वाला गैंगस्टर अमन भैंसवाल गिरफ्तार
इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस वाला कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल दिल्ली के IGI एयरपोर्ट से हरियाणा STF द्वारा गिरफ्तार किया गया। वह फायरिंग, रंगदारी और हत्या मामलों में वांछित था।
➤ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस वाला कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल गिरफ्तार
➤ विदेश से डिपोर्ट होकर IGI एयरपोर्ट पहुंचते ही हरियाणा STF ने दबोचा
➤ गोहाना में मातू राम की जलेबी दुकान फायरिंग और रंगदारी केस में नाम
हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। अमन भैंसवाल के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था और वह लंबे समय से विदेश में छिपा हुआ था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमन भैंसवाल को विदेश से डिपोर्ट किया गया। तड़के उसकी फ्लाइट जैसे ही दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड हुई, वहां पहले से मौजूद हरियाणा STF की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ले जाया गया।
अमन भैंसवाल का नाम हरियाणा के गोहाना में मशहूर मातू राम की जलेबी की दुकान पर हुई फायरिंग और रंगदारी मामले में भी सामने आया था। इस घटना के बाद से ही वह पुलिस की रडार पर था और फरार चल रहा था।
हरियाणा पुलिस के अनुसार, अमन भैंसवाल हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में हत्या, रंगदारी, लूट और गैंगवार जैसे कई संगीन अपराधों में वांछित है। वह विदेश में रहकर भी अपने गैंग को सक्रिय रूप से ऑपरेट कर रहा था और अपराधों को अंजाम दिलवा रहा था।
STF अधिकारियों का कहना है कि अमन भैंसवाल की गिरफ्तारी से न सिर्फ हरियाणा, बल्कि आसपास के राज्यों में सक्रिय गैंग नेटवर्क पर भी बड़ा असर पड़ेगा। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुट गई है।
Akhil Mahajan