Live: उकलाना में कांग्रेस समर्थित रीमा बनीं चेयरपर्सन:हुड्डा के गढ़ सांपला में BJP का चेयरमैन; तीनों निगमों में भाजपा के मेयर उम्मीदवार आगे
हरियाणा निकाय चुनाव 2026 की काउंटिंग जारी है। सांपला में भाजपा के प्रवीण कोच जीते, अंबाला और सोनीपत में भाजपा उम्मीदवार आगे, जबकि उकलाना में निर्दलीय रीमा सोनी बढ़त पर हैं।
➤ उकलाना में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय रीमा सोनी ने जीता चेयरपर्सन चुनाव
➤ सांपला नगर पालिका में भाजपा के प्रवीण कोच बने चेयरमैन
➤ पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में BJP मेयर उम्मीदवार बढ़त पर
हरियाणा निकाय चुनाव 2026 की मतगणना बुधवार सुबह 8 बजे से जारी है। शुरुआती रुझानों और घोषित नतीजों के बीच कई जगहों पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है, जबकि कुछ सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज कर सियासी मुकाबले को रोचक बना दिया है।
सबसे चर्चित मुकाबला उकलाना नगर पालिका में देखने को मिला, जहां कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी ने चेयरपर्सन पद का चुनाव जीत लिया। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार निकिता गोयल को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की। जीत की खबर आने से पहले ही समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था।
रीमा सोनी की जीत की संभावना मजबूत होते ही समर्थकों ने उनके पिता महेंद्र सोनी को कंधों पर उठा लिया और खुशी में हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। जश्न के दौरान समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ माने जाने वाले सांपला नगर पालिका में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की। भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच ने चेयरमैन पद का चुनाव जीत लिया। खास बात यह रही कि यहां कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा था। भाजपा की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
उधर, पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम में भाजपा के मेयर उम्मीदवार लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। तीनों ही नगर निगमों में कांग्रेस उम्मीदवार दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भीड़ और राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ती जा रही है।
रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में भी कांग्रेस को सफलता मिली है। वार्ड नंबर-3 से कांग्रेस प्रत्याशी एवं शहरी जिला प्रधान प्रवीण चौधरी ने पार्षद का चुनाव जीत लिया है। इस जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
बता दें कि 10 मई को पंचकूला, अंबाला, सोनीपत नगर निगम, सांपला, उकलाना, धारूहेड़ा नगर पालिका और रेवाड़ी नगर परिषद के लिए मतदान हुआ था। सातों निकायों में करीब 54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब सभी की नजरें मेयर और चेयरमैन पदों के अंतिम नतीजों पर टिकी हुई हैं।
- सांपला में BJP के प्रवीण कोच ने चेयरमैन चुनाव जीता
- अंबाला और सोनीपत में भाजपा उम्मीदवार बढ़त पर
- उकलाना में निर्दलीय रीमा सोनी के समर्थकों ने हाईवे जाम किया
हरियाणा निकाय चुनाव 2026 की मतगणना मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई और शुरुआती रुझानों में कई जगहों पर भाजपा उम्मीदवारों ने बढ़त बना ली है। सांपला नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच ने चेयरमैन पद का चुनाव जीत लिया है। जीत के बाद समर्थकों ने काउंटिंग सेंटर के बाहर जमकर जश्न मनाया और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
अंबाला नगर निगम में भाजपा की मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी पहले राउंड से बढ़त बनाए हुए हैं। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार अक्षिता सैनी को 2978 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार कुलविंदर कौर को 2348 वोट प्राप्त हुए। निर्दलीय उम्मीदवार सोनिया तीसरे स्थान पर रहीं। भाजपा उम्मीदवार करीब 600 से अधिक वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं।
सोनीपत नगर निगम में भी भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान से आगे चल रहे हैं। चार राउंड की गिनती के बाद राजीव जैन लगभग 9740 वोटों की बढ़त बना चुके हैं। काउंटिंग सेंटर के बाहर भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
उकलाना नगर पालिका चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रीमा सोनी बढ़त बनाए हुए हैं। तीसरे राउंड के बाद रीमा सोनी भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल से 1552 वोटों से आगे निकल गईं। जीत की संभावना को देखते हुए समर्थकों ने पहले ही जश्न मनाना शुरू कर दिया। समर्थकों ने रीमा सोनी के पिता महेंद्र सोनी को कंधों पर उठा लिया और हाईवे पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
सांपला में 16 वार्डों का रिजल्ट आ चुका
वार्ड 1: मोहन (निर्दलीय)
वार्ड 2: सुमित (निर्दलीय)
वार्ड 3: महेश बंसल (भाजपा) - सर्वसम्मति से
वार्ड 4: भोला (निर्दलीय)
वार्ड 5: सुनील (निर्दलीय)
वार्ड 6: विकास (निर्दलीय)
वार्ड 7: पिंकी (निर्दलीय)
वार्ड 8: सुमित (निर्दलीय)
वार्ड 9: अजीत (भाजपा)
वार्ड 10: मीनाक्षी (भाजपा)
वार्ड 11: रविका (भाजपा)
वार्ड 12: मनीष (निर्दलीय)
वार्ड 13: आरती (निर्दलीय)
वार्ड 14: सुषमा कुमारी (निर्दलीय)
वार्ड 15: सोनिया (निर्दलीय)
वार्ड 16: अश्वनी (भाजपा)
रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 3 से कांग्रेस प्रत्याशी एवं शहरी जिला प्रधान प्रवीण चौधरी ने जीत दर्ज की। वहीं कई वार्डों में भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवारों को भी सफलता मिली है।
झज्जर नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 के उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार विकास उर्फ माइकल ने भाजपा प्रत्याशी को 295 वोटों से हराया। अंबाला नगर निगम के वार्ड नंबर 2 से भाजपा प्रत्याशी वरखा सोहता ने 551 वोटों से जीत दर्ज की।
10 मई को पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम सहित सांपला, उकलाना, धारूहेड़ा नगर पालिका और रेवाड़ी नगर परिषद के लिए मतदान हुआ था। सातों निकायों में लगभग 54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। दोपहर तक अधिकतर मेयर और चेयरमैन पदों के नतीजे आने की संभावना जताई जा रही है।
रेवाड़ी में 17 वार्डों का रिजल्ट आया
वार्ड 1: शिल्पी शर्मा (निर्दलीय) विजयी
वार्ड 2: पूजा (बीजेपी) विजयी
वार्ड 3: प्रवीण चौधरी (कांग्रेस) विजयी
वार्ड 4: ओमप्रकाश सैनी (BJP) विजयी
वार्ड 5: पूनम कुमारी (निर्दलीय) विजयी
वार्ड 6: गोपाल सैनी (निर्दलीय) विजयी
वार्ड 7: चेतराम सैनी (BJP) विजयी
वार्ड 8: पूनम सतीजा (निर्दलीय) विजयी
वार्ड 9: सचिन (निर्दलीय) विजयी
वार्ड 10: पवन बठला (निर्दलीय) विजयी
वार्ड 11: सुषमा (बीजेपी) विजयी
वार्ड 12: निखिल मांढैया (BJP) विजयी
वार्ड 13: संतोष (निर्दलीय) विजयी
वार्ड 14: चंदन यादव (निर्दलीय) विजयी
वार्ड 16: मुकेश वर्मा (निर्दलीय) विजयी
वार्ड 17: सुचित्रा चांदना (निर्दलीय) विजयी
रिजल्ट के बड़े अपडेट्स…
- अंबाला में नगर निगम में पहले राउंड की गिनती में भाजपा की अक्षिता सैनी 2978 वोटों के साथ आगे चल रही हैं, जबकि कांग्रेस की कुलविंदर कौर को 2348 और निर्दलीय सोनिया को 1848 वोट मिले हैं। नोटा को 68 वोट मिले हैं। पहले राउंड के बाद भाजपा की अक्षिता सैनी 630 वोटों से आगे हैं।
- उकलाना नगर पालिका में चेयरपर्सन पद के लिए निर्दलीय रीमा सोनी आगे चल रही हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा उम्मीदवार निकिता गोयल हैं।
- सोनीपत नगर निगम में भाजपा के मेयर उम्मीदवार राजीव जैन आगे चल रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान दूसरे नंबर पर हैं।
- पंचकूला नगर निगम में भाजपा के श्यामलाल बंसल आगे चल रहे हैं। कांग्रेस की सुधा भारद्वाज दूसरे नंबर पर हैं।
- झज्जर नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 के उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार विकास उर्फ माइकल ने भाजपा प्रत्याशी को 295 वोटों से हराया।
Akhil Mahajan