हरियाणा में क्रेन पलटी, जनरेटर समेत चौथी मंजिल से गिरे 2 कर्मचारी, मौ*त
पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में जनरेटर को चौथी मंजिल पर ले जाते समय क्रेन पलट गई। जनरेटर समेत दो कर्मचारी नीचे गिर गए और दोनों की मौत हो गई। हादसा CCTV में कैद हुआ है।
पंचकूला में क्रेन पलटने से बड़ा हादसा
➤ जनरेटर समेत चौथी मंजिल से गिरे दो कर्मचारी, मौत
➤ बिजली की तारों से टकराया जनरेटर, खंभा भी टूटा
पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में वीरवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में उस समय हुआ, जब क्रेन की मदद से भारी जनरेटर को चौथी मंजिल की छत पर पहुंचाया जा रहा था।
इसी दौरान अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह बेकाबू होकर पलट गई। क्रेन के साथ जनरेटर और उस पर मौजूद दो कर्मचारी भी कई फीट नीचे सड़क पर जा गिरे।
हादसे का पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में क्रेन के अचानक पलटने और जनरेटर के नीचे गिरने की घटना दिखाई दे रही है।
चौथी मंजिल पर ले जाया जा रहा था भारी जनरेटर
जानकारी के अनुसार हादसा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के प्लॉट नंबर-310 स्थित मिलीएम्स इंजीनियर सॉल्यूशंस कंपनी में हुआ। शाम करीब साढ़े तीन बजे कंपनी की चौथी मंजिल की छत पर बाहर से लाए गए भारी जनरेटर को क्रेन की मदद से पहुंचाया जा रहा था।
बताया गया है कि इस दौरान दोनों कर्मचारी जनरेटर के ऊपर मौजूद थे। जनरेटर को ऊंचाई पर पहुंचाने से पहले ही क्रेन का संतुलन बिगड़ गया।
कुछ ही पलों में क्रेन पलट गई और जनरेटर समेत दोनों कर्मचारी नीचे सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा
हादसे की CCTV फुटेज सामने आई है। इसमें देखा जा सकता है कि क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर पलटती है। इसके साथ ही जनरेटर और दोनों कर्मचारी नीचे गिर जाते हैं।
हादसे से करीब चार सेकेंड पहले एक पिकअप वाहन वहां से निकल गया था। इसके बाद क्रेन पलटी और जनरेटर सड़क पर जा गिरा।
अगर पिकअप वाहन कुछ सेकेंड और मौके पर रहता तो वह भी हादसे की चपेट में आ सकता था। गनीमत यह रही कि उस समय सड़क पर कोई अन्य व्यक्ति नहीं था।
बिजली की तारों से टकराया जनरेटर, खंभा टूटा
नीचे गिरते समय जनरेटर बिजली की तारों से टकरा गया। टक्कर के कारण बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के कारण इलाके की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बिहार और हिमाचल के रहने वाले थे दोनों कर्मचारी
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मनीष और नवीन के रूप में हुई है। मनीष बिहार का रहने वाला था, जबकि नवीन हिमाचल प्रदेश का निवासी बताया गया है।
दोनों कंपनी में काम करते थे। जनरेटर को चौथी मंजिल की छत पर पहुंचाने के दौरान दोनों उसके ऊपर मौजूद थे।
परिवार के आने के बाद आगे की कार्रवाई
सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतकों के परिवार के आने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। बयानों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है कि क्रेन का संतुलन किस वजह से बिगड़ा और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
pooja