हरियाणा में जनवरी में होंगे 10वीं-12वीं के प्री-बोर्ड एग्जाम

हरियाणा में जनवरी 2026 में 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं होंगी। शिक्षा विभाग ने बोर्ड पैटर्न पर अलग उत्तर पुस्तिका और फंड व्यवस्था को लेकर निर्देश जारी किए हैं।

हरियाणा में जनवरी में होंगे 10वीं-12वीं के प्री-बोर्ड एग्जाम

➤ हरियाणा में जनवरी में कक्षा 10वीं और 12वीं के प्री-बोर्ड एग्जाम होंगे
➤ प्री-बोर्ड में भी बोर्ड पैटर्न, अलग से मिलेगी उत्तर पुस्तिका
➤ फंड व्यवस्था और कड़ाई से पालन के निर्देश जारी



चंडीगढ़। हरियाणा में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं जनवरी माह में आयोजित की जाएंगी। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश के सभी जिलों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराई जाएंगी।

शिक्षा विभाग ने बताया कि प्री-बोर्ड परीक्षाओं में प्रयोग होने वाली प्रश्न–उत्तर पुस्तिकाओं के पन्नों की संख्या अधिक होती है। जबकि मुख्य बोर्ड परीक्षा में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से प्रश्न पत्र और अलग उत्तर पुस्तिका दी जाती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्री-बोर्ड परीक्षाओं में भी बोर्ड परीक्षा का पैटर्न अपनाया जाए। इसके तहत विद्यार्थियों को अलग से उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे वास्तविक बोर्ड परीक्षा जैसी परिस्थितियों में अभ्यास कर सकें।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी जिला शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके अधीन आने वाले विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं की अनिवार्य व्यवस्था की जाए। इसके लिए स्कूल स्तर पर सीसीडब्ल्यूएफ, परीक्षा निधि या अन्य अनुमेय निधियों का उपयोग किया जा सकता है।

शिक्षा विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को वास्तविक बोर्ड परीक्षा का अनुभव मिलेगा और उनकी तैयारी का स्तर बेहतर होगा। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के आदेश दिए हैं। यह आदेश 7 जनवरी 2026 को माध्यमिक शिक्षा निदेशक, हरियाणा की ओर से जारी किया गया है।