हरियाणा एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के 4 शार्प शूटर गिरफ्तार
हरियाणा STF ने रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के चार शार्प शूटर गिरफ्तार किए। आरोपी अमेरिका में हत्याओं और भारत में रंगदारी से जुड़े बताए गए हैं।
- रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के 4 शार्प शूटर गिरफ्तार
- बुलेटप्रूफ गाड़ी, 4 विदेशी पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद
- अमेरिका में हत्याओं और हमले से जुड़े, इंटरपोल को भेजी जाएगी जानकारी
हरियाणा में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरियाणा एसटीएफ करनाल को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े रोहित गोदारा–गोल्डी बराड़ गैंग के चार सक्रिय शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार विदेशी निर्मित पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ करनाल की टीम ने करनाल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रमन और लोकेश, निवासी ग्राम मुंदड़ी जिला कैथल, को उस समय गिरफ्तार किया जब वे बुलेटप्रूफ वाहन में घूम रहे थे। पूछताछ और तकनीकी इनपुट के आधार पर इसी मामले में वांछित शेष आरोपी बलराज उर्फ बलराम और रविंदर सिंह उर्फ रवि को 14 जनवरी 2026 को थाना पुंडरी जिला कैथल के क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे और इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क से जुड़े अपराधियों के संपर्क में भी रहे हैं।
एसटीएफ की पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी अमेरिका में रहते हुए गंभीर संगठित अपराधों में शामिल थे। 23 दिसंबर 2024 को कैलिफोर्निया के स्टॉकटन में गैंगस्टर सुनील यादव उर्फ गोलिया की हत्या में इनकी भूमिका सामने आई है, जिसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर ली गई थी। इसके अलावा 18 अक्टूबर 2025 को कैलिफोर्निया के फ्रेज़नो में कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर पर हुए जानलेवा हमले की साजिश में भी इनकी संलिप्तता पाई गई है। इस हमले में बनवारी गोदारा की मौके पर ही मौत हो गई थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी विदेश से बैठकर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में रंगदारी वसूली का नेटवर्क चला रहे थे। रंगदारी न देने पर फायरिंग और जानलेवा हमलों को अंजाम दिया जाता था। मामले की अंतरराष्ट्रीय कड़ियों को देखते हुए इंटरपोल और अमेरिकी एजेंसियों को औपचारिक जानकारी भेजी जाएगी, ताकि आगे की कार्रवाई में समन्वय किया जा सके।
Akhil Mahajan