हिसार में भीषण सड़क हादसा, पलटी कार में लगी आग, 6 झुलसे; राहगीरों ने दिखाई बहादुरी
हिसार के अग्रोहा क्षेत्र में दिल्ली-सिरसा नेशनल हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलटते ही आग लग गई। हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका इलाज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
■ हिसार में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, लगी भीषण आग
■ 6 लोग गंभीर रूप से झुलसे, राहगीरों ने जान जोखिम में डालकर निकाला बाहर
■ अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी, घायलों की पहचान नहीं
हरियाणा के हिसार जिले में रविवार को दिल्ली-सिरसा नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। तेज रफ्तार में जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में कार सवार 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आग इतनी तेजी से भड़की कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। सभी घायलों को तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार कार सिरसा से दिल्ली की ओर जा रही थी। जब वाहन अग्रोहा क्षेत्र के गांव चिकनवास के पास पहुंचा तो ड्राइवर अचानक नियंत्रण खो बैठा। कार पहले डिवाइडर से टकराई और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह पलटकर रॉन्ग साइड में जा गिरी। पलटते ही इंजन से चिंगारी उठी और देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई। हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हादसे को देख राहगीरों ने असाधारण साहस का परिचय दिया। आग की लपटों और धुएं के बीच लोगों ने कार में फंसे सभी 6 यात्रियों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हालात बेहद भयावह थे, लेकिन लोगों ने बिना देर किए घायलों को खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
घायलों को तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। सभी घायल आग से बुरी तरह झुलस गए हैं। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू करवाया। पूरी तरह जली कार को क्रेन की मदद से हटाया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वाहन में आग लगने का सटीक कारण क्या था।
shubham