खोए में मक्खियां, रसगुल्ले पर धूल — सावधान हरियाणा में बिक रहा जहर!
कैथल के जींद रोड स्थित शिव शक्ति मिष्ठान भंडार पर फूड सेफ्टी विभाग, सीएम फ्लाइंग और सीआईडी की संयुक्त टीम ने छापा मारकर 175 क्विंटल मिलावटी मिठाई बरामद की। खोए और चमचम में मक्खियां मिलीं। फैक्ट्री मालिक फरार।
• फूड सेफ्टी विभाग, सीएम फ्लाइंग और सीआईडी की संयुक्त कार्रवाई
• फैक्ट्री से 175 क्विंटल घटिया मिठाई बरामद, स्वच्छता का नामोनिशान नहीं
• फैक्ट्री मालिक और कर्मचारी रेड के दौरान मौके से फरार
त्योहारों के सीजन में मिठाइयों में मिलावट पर हरियाणा फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कैथल के जींद रोड स्थित शिव शक्ति मिष्ठान भंडार की फैक्ट्री पर फूड सेफ्टी विभाग, सीएम फ्लाइंग स्क्वायड और सीआईडी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 175 क्विंटल घटिया क्वालिटी की मिठाई जब्त की।
छापे के दौरान टीम ने देखा कि फैक्ट्री में साफ-सफाई का कोई इंतजाम नहीं था। खुले ड्रमों में रसगुल्ले और चमचम बिना ढक्कन के रखे हुए थे, वहीं खोया के टब में मक्खियां तैरती मिलीं। टीम ने जब फैक्ट्री की जांच की तो पाया कि पुराने खराब खोए, नकली चीनी और रासायनिक पदार्थों का उपयोग मिठाइयां बनाने में किया जा रहा था।
ये मिलावटी मिठाइयां शहर की कई दुकानों में सप्लाई की जा रही थीं, जिन्हें त्योहारों के दौरान “शुद्ध मिठाई” बताकर बेचा जाना था।
छापे के दौरान फैक्ट्री मालिक और 4-5 कर्मचारी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर पवन चहल ने बताया कि,
“फैक्ट्री में स्वच्छता मानकों का बिल्कुल पालन नहीं हो रहा था। हमने 175 क्विंटल मिठाई जब्त की है। सारा माल नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।”
उन्होंने कहा कि यह फैक्ट्री शहर से दूर सुनसान इलाके में बनाई गई थी, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। मगर मुखबिर की सूचना पर टीम ने अचानक दबिश देकर पूरा गोरखधंधा पकड़ा लिया।
Author1