करनाल में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार
करनाल के इंद्री रोड पर देर रात पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हुई। दो आरोपी पकड़े गए, एक को गोली लगी। शक है कि ये वही बदमाश हैं जिन्होंने शराब ठेके पर फायरिंग की थी।
- करनाल के इंद्री रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़
- दो बदमाश पकड़े गए, एक को गोली लगने की पुष्टि, अस्पताल में भर्ती
- शराब ठेके पर हुई फायरिंग से जुड़ा हो सकता है कनेक्शन, गैंगवार एंगल की जांच
करनाल जिले के इंद्री रोड पर मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। जैसे ही आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी देखी, वे भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने गाड़ी पर ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं और दोनों बदमाशों को काबू कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में से एक को गोली लगी है, जबकि दूसरा भी पुलिस की गिरफ्त में है। दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौके पर सीआईए और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम भी पहुंची और गोलियों के खोल बरामद किए।
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब एसपी को सूचना मिली कि इंद्री रोड पर कुछ संदिग्ध घूम रहे हैं। निर्देश पर सीआईए और सदर थाना पुलिस अलर्ट मोड पर वहां पहुंची। आरोपियों की पहचान होने पर उन्हें घेरने की कोशिश की गई। बाइक पर सवार बदमाशों ने पुलिस गाड़ी देखते ही तेजी से भागने की कोशिश की और गाड़ी पर फायरिंग कर दी। गोलियों से बोनट और शीशा टूट गया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों को धर दबोचा।
पुलिस को शक है कि ये वही बदमाश हो सकते हैं, जिन्होंने 2 सितंबर की रात विवान होटल के पास शराब ठेके पर फायरिंग की थी। उस दिन दो नकाबपोश युवक बाइक पर आए थे और बारिश से बचने के बहाने अंदर घुसकर अचानक 5-6 राउंड फायरिंग कर दी थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।
इस वारदात की जिम्मेदारी गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग ने फेसबुक पर ली थी। पुलिस का मानना है कि इंद्री रोड पर पकड़े गए आरोपी उसी घटना से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गैंगवार कनेक्शन की भी गहराई से जांच कर रही है।
Akhil Mahajan