बड़ी वारदात करने निकले तीन बदमाश का एनकाउंटर , दो के पैर पर लगी गोलियां, तीसरे ने किया सरेंडर
कुरुक्षेत्र में NH-44 पर पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में दो बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए, वहीं तीसरे ने सरेंडर किया। पुलिस ने हथियार और बिना नंबर की बाइक बरामद की।
- कुरुक्षेत्र में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, दो घायल
- दोनों के पैरों में गोलियां लगीं, तीसरा बदमाश सरेंडर
- बड़ी वारदात की फिराक में थे, हथियार व बाइक बरामद
कुरुक्षेत्र में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना झिरबड़ी गांव के पास हुई, जहां CIA-2 की टीम ने तीन बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। चेतावनी के बावजूद बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों की टांग में गोली लगने से वे घायल हो गए, जबकि तीसरे ने खुद को घिरता देख सरेंडर कर दिया।
घायल बदमाशों की पहचान साहिल (24) निवासी धर्मपुर दिल्ली और नितिन निवासी रेलवे कॉलोनी कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। उनका तीसरा साथी अनमोल NIT गेट कुरुक्षेत्र के पास का रहने वाला है। तीनों बगैर नंबर की पल्सर बाइक पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना में थे।
CIA-2 इंचार्ज मोहन लाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि तीन बदमाश हथियारों के साथ घुम रहे हैं और वारदात की फिराक में हैं। टीम के पहुंचते ही बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने गाड़ी की आड़ लेकर जवाबी फायर किया, जिसमें दो को पैर में गोली लगी।
घायल दोनों बदमाशों को LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने बिना नंबर की बाइक, देसी कट्टा 315 बोर, एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब तीनों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
Author1