ममता बोलीं- ‘Naughty, Nasty HM’ हैं अमित शाह

ईडी की छापेमारी के बाद ममता बनर्जी ने गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोला। चुनाव से पहले केंद्र पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप लगाया।

ममता बोलीं- ‘Naughty, Nasty HM’ हैं अमित शाह

ईडी रेड के बाद ममता बनर्जी का केंद्र पर तीखा हमला
गृह मंत्री अमित शाह को बताया ‘Naughty, Nasty HM’
चुनाव से पहले राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप



कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक टकराव खुलकर सामने आ गया है। प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोला है। ममता बनर्जी ने अमित शाह को ‘Naughty और Nasty होम मिनिस्टर’ करार देते हुए केंद्र पर राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई का आरोप लगाया है।

ईडी ने कथित फर्जी सरकारी नौकरी घोटाले से जुड़े मामले में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े आईटी प्रमुखों के ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े प्रतीक जैन का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि प्रतीक जैन राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर द्वारा स्थापित I-PAC से जुड़े रहे हैं, जो TMC और पश्चिम बंगाल सरकार के साथ काम कर चुका है।

ईडी की कार्रवाई के बीच ममता बनर्जी खुद सॉल्ट लेक स्थित I-PAC कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि क्या देश के गृह मंत्री का काम यह रह गया है कि वह किसी पार्टी के दस्तावेज, हार्ड डिस्क और उम्मीदवारों की सूची जब्त कराए। ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले विपक्षी दलों को डराने और दबाने की साजिश रची जा रही है।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि TMC डरने वाली नहीं है और इस तरह की कार्रवाइयों से पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि ईडी और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर बंगाल की राजनीति को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। जहां TMC इसे केंद्र की साजिश बता रही है, वहीं विपक्ष इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई बता रहा है। आने वाले दिनों में यह टकराव और तेज होने के संकेत दे रहा है।