होमगार्ड कमांडेंट 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंग हाथों दबोचा

रेवाड़ी में विजिलेंस टीम ने होमगार्ड कमांडेंट को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पर नौकरी बहाल करवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

होमगार्ड कमांडेंट 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंग हाथों दबोचा
  • रेवाड़ी में होमगार्ड कमांडेंट रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
  • सस्पेंड जवान को दोबारा जॉइन करवाने के नाम पर मांगे थे 1.50 लाख
  • विजिलेंस टीम ने 50 हजार रुपए के साथ दबोचा

हरियाणा के रेवाड़ी में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड विभाग के कमांडेंट सुधीर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सस्पेंड चल रहे एक होमगार्ड जवान को दोबारा नौकरी पर जॉइन करवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, सस्पेंड होमगार्ड जवान सुरेश से आरोपी कमांडेंट ने कुल 1 लाख 50 हजार रुपए की मांग की थी। आरोप है कि कमांडेंट पहले ही उससे 80 हजार रुपए ले चुका था। इसके बाद बाकी रकम देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

वीरवार को आरोपी कमांडेंट ने रिश्वत की रकम के तौर पर 50 हजार रुपए गढ़ी बोलनी रोड स्थित अपने कार्यालय में मंगवाए। शिकायत के आधार पर पहले से अलर्ट विजिलेंस टीम ने पूरी कार्रवाई की निगरानी की। जैसे ही पैसे कमांडेंट की मेज की दराज में रखवाए गए, विजिलेंस टीम ने तुरंत छापा मारकर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।

सूत्रों के मुताबिक, विजिलेंस टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद होमगार्ड विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पहले कितने लोगों से इसी तरह रिश्वत ली और क्या इस मामले में अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं।

हरियाणा में लगातार बढ़ रही भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाइयों के बीच इस गिरफ्तारी को बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। हाल के दिनों में कई सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर विजिलेंस का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।