हरियाणा में जय श्री राम और छोटा सामनिया नाम से पर्चा चिपकाकर फायरिंग करने वाले गैंगस्‍टर हरियाणा पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचे

रोहतक में सीआईए-2 और हिसार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में शराब ठेके पर फायरिंग करने वाले बदमाश अंकित और आशीष को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। दोनों घायल बदमाश रोहतक पीजीआई में इलाजरत हैं। पुलिस ने हथियार और बाइक बरामद कर गैंग कनेक्शन की जांच तेज कर दी है।

हरियाणा में जय श्री राम और छोटा सामनिया नाम से पर्चा चिपकाकर फायरिंग करने वाले गैंगस्‍टर हरियाणा पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचे

रोहतक में सीआईए-2 और हिसार एसटीएफ का संयुक्त एक्शन
शराब ठेके पर फायरिंग करने वाले बदमाश मुठभेड़ में दबोचे गए
घायल बदमाशों की पहचान अंकित और आशीष के रूप में हुई

सुशील मोर


प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। बुधवार रात रोहतक सीआईए-2 और हिसार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पहरावर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ की। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर और दूसरे की पीठ में गोली लगी। दोनों घायल बदमाशों को तत्काल रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अंकित निवासी रोहतक और आशीष निवासी सोनीपत के रूप में की है। मौके से भारी मात्रा में हथियार और एक बाइक भी बरामद की गई है।

यह वही आरोपी हैं जिन्होंने सोमवार को हिसार जिले के सिंघवा खास गांव में एक शराब ठेके पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस वारदात के बाद बदमाशों ने ठेके के बाहर जय श्री राम और छोटा सामनिया के नाम से पर्चा चिपका दिया था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और यह जांच की जा रही है कि इनके पीछे किस गैंग का हाथ है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों से मिली हथियारों की खेप से यह साफ है कि उनकी योजना और वारदातें बड़े स्तर पर होने वाली थीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, आम जनता से अपील की गई है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।