होटल संचालक की धारदार हथियार से हत्याए घर लौटते समय रास्ते में हमला, सड़क पर फेंका शव

रोहतक के सांपला क्षेत्र में होटल संचालक गुलाब सिंह की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। घर लौटते समय हमला हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

होटल संचालक की धारदार हथियार से हत्याए घर लौटते समय रास्ते में हमला, सड़क पर फेंका शव
  • रोहतक के सांपला क्षेत्र में होटल संचालक की तेजधार हथियार से हत्या
  • घर लौटते समय रास्ते में किया गया हमला, शव सड़क पर फेंका
  • परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी


रोहतक जिले के ब्लॉक सांपला क्षेत्र में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव हसनगढ़ निवासी होटल संचालक गुलाब सिंह की तेजधार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय गुलाब सिंह गांव हसनगढ़ के पास होटल चलाता था। देर रात करीब डेढ़ बजे वह बाइक पर सवार होकर होटल बंद कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह दिमाशा अस्पताल के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।

हमला इतना घातक था कि गुलाब सिंह की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। हमलावर उसे मृत अवस्था में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर व्यक्ति को पड़ा देखा और इसकी सूचना परिवार को दी।

परिजन गुलाब सिंह को तुरंत खरखौदा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर पीजीआई के ट्रोमा सेंटर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सांपला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीजीआई में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

सांपला थाना एसएचओ पंकज कुमार ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।