बीएड परीक्षा देने जा रही महिला को ब्रेजा ने कुचला, मौके पर मौत
समालखा में बीएड परीक्षा देने जा रही 30 वर्षीय महिला की तेज रफ्तार ब्रेजा कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
- बीएड परीक्षा देने जा रही महिला की तेज रफ्तार ब्रेजा की टक्कर से मौत
- पति के साथ बस से उतरकर सड़क पार कर रही थी महिला
- हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
पानीपत जिले के समालखा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीएड परीक्षा देने जा रही महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए दिल्ली से आई थी, लेकिन परीक्षा केंद्र तक पहुंचने से पहले ही तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान परमजीत (30) निवासी कश्मीरी कॉलोनी, नजफगढ़ (दिल्ली) के रूप में हुई है। घटना समालखा जीटी रोड स्थित एलएनटी कॉलेज के सामने दिल्ली रोड पर कपूर फैक्ट्री के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समालखा नागरिक अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार परमजीत अपने पति राकेश के साथ पानीपत बस स्टैंड से बस में सवार होकर एलएनटी कॉलेज में बीएड परीक्षा देने के लिए आ रही थी। दोनों बस से उतरने के बाद सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर की चपेट में आने से परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
मृतका के पति राकेश ने बताया कि उनकी शादी 7 दिसंबर 2015 को हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। पत्नी की अचानक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार समालखा अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में मातम का माहौल रहा। मृतका की बहन कई बार बेहोश हो गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
समालखा थाना पुलिस ने मृतका के पति के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और राहगीरों से पूछताछ कर फरार चालक और वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Akhil Mahajan