एशिया MMA टाइटल के लिए भिड़ेंगे भारत के संग्राम सिंह और पाकिस्तान के आबिद अली,19 जुलाई को होगा भारत-पाकिस्तान का सबसे बड़ा MMA मुकाबला

भारत के संग्राम सिंह और पाकिस्तान के आबिद अली 19 जुलाई को कुआलालंपुर में एशिया MMA चैंपियनशिप टाइटल के लिए भिड़ेंगे। मुकाबले को लेकर खेल जगत में जबरदस्त उत्साह है।

एशिया MMA टाइटल के लिए भिड़ेंगे भारत के संग्राम सिंह और पाकिस्तान के आबिद अली,19 जुलाई को होगा भारत-पाकिस्तान का सबसे बड़ा MMA मुकाबला

19 जुलाई को कुआलालंपुर में एशिया MMA टाइटल के लिए भिड़ेंगे भारत के संग्राम सिंह और पाकिस्तान के आबिद अली

संग्राम सिंह बोले- 145 करोड़ भारतीयों के लिए लड़ूंगा, लक्ष्य एशिया चैंपियन बनना

भारत-पाकिस्तान के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर पूरी दुनिया की नजर, मलेशिया के प्रधानमंत्री के पहुंचने की संभावना


सोनीपत। भारत और पाकिस्तान के बीच खेल जगत का एक और बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। इस बार दोनों देशों के खिलाड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) के सबसे बड़े मंच पर आमने-सामने होंगे। 19 जुलाई 2026 को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में भारत के स्टार MMA फाइटर और अंतरराष्ट्रीय पहलवान संग्राम सिंह का सामना पाकिस्तान के आबिद अली से एशिया चैंपियनशिप टाइटल के लिए होगा।

इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। आयोजकों के अनुसार यह हाल के वर्षों में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले सबसे बड़े कॉम्बैट स्पोर्ट्स मुकाबलों में से एक माना जा रहा है। खबर है कि इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए मलेशिया के प्रधानमंत्री भी पहुंच सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

संग्राम सिंह ने कहा कि जब भी वह केज में उतरते हैं तो सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि 145 करोड़ भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान का हर मुकाबला भावनाओं से जुड़ा होता है और वह पूरी तैयारी, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ एशिया चैंपियन बनने के लक्ष्य से उतरेंगे।

उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सबसे बड़ी ताकत उसकी फिटनेस, मानसिक मजबूती और समर्पण होती है। उनका लक्ष्य केवल खिताब जीतना नहीं, बल्कि दुनिया के सामने भारतीय खिलाड़ियों की क्षमता को साबित करना भी है।

संग्राम सिंह का प्रोफेशनल MMA रिकॉर्ड अब तक शानदार रहा है। उन्होंने अपने पहले मुकाबले में जॉर्जिया में पाकिस्तान के अली रज़ा नासिर को महज 90 सेकंड में हराया था। इसके बाद उन्होंने नीदरलैंड्स में हाकिम त्राबेल्सी और अर्जेंटीना में फ्लोरियन कूडियर को हराकर लगातार तीन जीत दर्ज कीं। इसी के साथ वह प्रोफेशनल MMA में 3-0 के अपराजित रिकॉर्ड के साथ इस मुकाबले में उतरेंगे।

40 वर्ष की उम्र के बाद MMA में कदम रखने वाले संग्राम सिंह का कहना है कि कई लोगों ने उनके फैसले पर सवाल उठाए थे, लेकिन उन्होंने यह साबित करने का संकल्प लिया कि जुनून और मेहनत की कोई उम्र नहीं होती। उनका मानना है कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और फिटनेस का संदेश देता है।

रिंग के बाहर भी संग्राम सिंह कई सामाजिक अभियानों से जुड़े हुए हैं। वह फिट इंडिया अभियान के आइकन हैं, जबकि स्वच्छ भारत और विकसित भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। उनके अंतरराष्ट्रीय MMA अभियान को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और फिट इंडिया का समर्थन भी प्राप्त है।

भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव ने संग्राम सिंह को युवाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि रेसलिंग से प्रोफेशनल MMA तक का उनका सफर अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उदाहरण है। वहीं उनके कोच भूपेश कुमार ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में संग्राम ने अपनी रेसलिंग, स्ट्राइकिंग, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर कड़ी मेहनत की है और वह इस बड़े मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

हाल ही में संग्राम सिंह को बिलियनेयर ग्लोबल पीस अवॉर्ड 2026 से भी सम्मानित किया गया है। अब उनकी नजर एशिया के सबसे प्रतिष्ठित MMA टाइटल पर है। वहीं पाकिस्तान के आबिद अली भी पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे। ऐसे में खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह मुकाबला तकनीक, ताकत और मानसिक मजबूती की असली परीक्षा साबित होगा।