शराब पार्टी के बाद झगड़ा, ह*त्‍या और सोनीपत के युवक का श*व गड्ढे में दबाया

सोनीपत में युवक की हत्या कर यमुना नदी किनारे गड्ढे में शव दबाया गया। शराब पार्टी के बाद झगड़े में हत्या की आशंका है। एक आरोपी हिरासत में है।

शराब पार्टी के बाद झगड़ा, ह*त्‍या और सोनीपत के युवक का श*व गड्ढे में दबाया
  • सोनीपत में युवक की हत्या कर यमुना किनारे गड्ढे में दबाया शव
  • शराब पार्टी के बाद झगड़े में मारपीट से हत्या की आशंका
  • एक संदिग्ध हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश जारी


हरियाणा के सोनीपत में एक युवक की हत्या कर शव यमुना नदी के किनारे गड्ढे में दबाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया है। शव को मिट्टी डालकर ऊपर से घास-फूस से ढक दिया गया था।

पुलिस के अनुसार शराब पार्टी के दौरान हुए झगड़े के बाद आरोपियों ने युवक की मारपीट कर हत्या की। मृतक के चेहरे पर गहरे घाव मिले हैं। आंख के पास नुकीली चीज से वार, होठ दो हिस्सों में फटे हुए और ठुड्डी पर गहरा जख्म पाया गया है, जिससे बर्बरता की पुष्टि होती है।

मृतक की पहचान बेगा गांव निवासी सोनू शर्मा (29) के रूप में हुई है। वह 12 जनवरी को दवाई लेने की बात कहकर घर से निकला था और फिर लापता हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में सोनू को मेडिकल स्टोर से लौटने के बाद राकसेड़ा-बुढ़नपुर रोड पर 10–12 युवकों के साथ शराब पार्टी करते देखा गया। नशे में कहासुनी और झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। फिलहाल हत्या में शामिल लोगों की संख्या स्पष्ट नहीं है।

पूछताछ में आरोपियों ने हत्या कबूल की। हत्या के बाद शव को बाइक पर रखकर बेगा गांव के पास यमुना किनारे ले जाकर गड्ढा खोदकर दबाया गया। पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकाला।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज थे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। एसीपी ऋषिकांत के अनुसार एक आरोपी हिरासत में है, अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।