फार्मेसी के छात्र ने दादी, चाचा और बड़े भाई को गोलियों से भूना, तीनों की मौत
जमीन और रिटायरमेंट के पैसों के विवाद में युवक ने दादी, चाचा और बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। चाची गंभीर घायल हैं।
- अंबाला में जमीन और पैसों के विवाद में परिवार के 3 लोगों की हत्या
- युवक ने दादी, चाचा और बड़े भाई को मारी गोली, चाची गंभीर घायल
- रिटायरमेंट के पैसे और मिट्टी के ठेके को लेकर चल रहा था विवाद
हरियाणा के अंबाला जिले के गांव बिचपड़ी में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जमीन, मिट्टी के ठेके और रिटायरमेंट के पैसों के विवाद में एक युवक ने अपने ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अभिषेक (22) ने सबसे पहले अपनी 95 वर्षीय दादी इसरो देवी पर गोली चलाई। गोली लगते ही दादी की मौके पर ही मौत हो गई। जब उन्हें बचाने के लिए चाचा महेंद्र पाल और बड़ा भाई संदीप (40) आगे आए तो आरोपी ने उन पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
फायरिंग में चाचा महेंद्र पाल, भाई संदीप और चाची गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए महेंद्र और संदीप को PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं चाची की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से जमीन के मिट्टी खनन के ठेके और पिता के रिटायरमेंट के 16 लाख रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी अभिषेक पंचकूला के एक कॉलेज में बैचलर ऑफ फार्मेसी सेकेंड ईयर का छात्र है।
बताया जा रहा है कि मृतक संदीप और आरोपी अभिषेक के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। संदीप अपने छोटे भाई पर खर्च किए गए पैसों को लेकर भी परिवार में सवाल उठाता था। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बढ़ता जा रहा था।
परिवार के अनुसार, आरोपी अभिषेक को विदेश भेजने की तैयारी भी चल रही थी। पिता सतबीर सिंह उसे झगड़ों से दूर रखने के लिए ऑस्ट्रेलिया भेजना चाहते थे, लेकिन उसका वीजा रिजेक्ट हो गया था। इसके बाद से वह और ज्यादा गुस्से में रहने लगा था।
शनिवार शाम करीब 5:30 बजे फिर परिवार में विवाद हुआ। दादी इसरो देवी ने अभिषेक को शांत रहने और झगड़ा खत्म करने के लिए कहा। इसी दौरान गुस्से में अभिषेक ने पिस्टल निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव में हर तरफ सिर्फ इसी घटना की चर्चा हो रही है और लोग परिवार में हुए इस खूनी संघर्ष से स्तब्ध हैं।
Akhil Mahajan