"मोदी के स्वागत में लड्डू और चुनरी तैयार, 17 जुलाई को हरियाणा को मिलेंगी कई बड़ी सौगातें"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा दौरे पर कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भी प्रस्तावित है।

"मोदी के स्वागत में लड्डू और चुनरी तैयार, 17 जुलाई को हरियाणा को मिलेंगी कई बड़ी सौगातें"

जींद दौरे पर पीएम मोदी का लड्डू और चुनरी से होगा स्वागत

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, कई परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास

रैली में हरित परिवहन को बढ़ावा देने और महिलाओं की भागीदारी पर रहेगा विशेष फोकस


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित हरियाणा दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन स्तर पर स्वागत, रैली प्रबंधन और जनभागीदारी को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं। पार्टी कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।

भाजपा ने रैली में शामिल होने वाले लोगों के लिए विशेष व्यवस्था की है। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को देशी घी के बूंदी के लड्डू वितरित किए जाएंगे। वहीं हरियाणवी संस्कृति की झलक दिखाने के लिए महिलाओं को चुनरी भेंट की जाएगी। महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके लिए अलग बैठक व्यवस्था भी की जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान हरियाणा की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ माना जा रहा है। भाजपा को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री प्रदेश के लिए कुछ नई घोषणाएं भी कर सकते हैं।

रैली के दौरान भाजपा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और हरियाणा में हुए विकास कार्यों पर आधारित एक विशेष बुकलेट भी वितरित करेगी। इसमें प्रमुख योजनाओं, विकास परियोजनाओं और प्रदेश को मिली विभिन्न सौगातों का उल्लेख रहेगा।

प्रधानमंत्री के पर्यावरण संरक्षण के संदेश को ध्यान में रखते हुए रैली में आने वाले लोगों से ई-रिक्शा, ई-बैटरी वाहन, सीएनजी वाहन, साइकिल और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे अपेक्षाकृत पर्यावरण-अनुकूल साधनों का उपयोग करने की अपील की गई है। पार्टी पदाधिकारियों को भी लोगों को हरित परिवहन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा ने प्रधानमंत्री के दौरे से पहले 16 जुलाई तक प्रतिदिन प्रेस वार्ता आयोजित करने का कार्यक्रम बनाया है। इन प्रेस वार्ताओं में केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी देंगे। मीडिया समन्वय के लिए पंचकूला स्थित PWD रेस्ट हाउस में मीडिया सेंटर भी स्थापित किया गया है।