जेवलिन स्टार अन्नू रानी 18 नवंबर को बनेंगी हरियाणवी बहू
जेवलिन स्टार अन्नू रानी 18 नवंबर को रोहतक के किक बॉक्सर साहिल से शादी करेंगी। गन्ने से प्रैक्टिस से लेकर एशियन गेम्स गोल्ड तक उनका सफर बेहद प्रेरक रहा है।
-
इंटरनेशनल जेवलिन स्टार अन्नू रानी 18 नवंबर को हरियाणवी बहू बनेंगी
-
रोहतक के किक बॉक्सर साहिल से शादी, दोनों की स्पोर्ट्स बैकग्राउंड के कारण महमानों में खिलाड़ी शामिल
-
गन्ने से भाला फेंकने से लेकर एशियन गेम्स गोल्ड तक अन्नू की प्रेरक कहानी
उत्तरप्रदेश के मेरठ की इंटरनेशनल जेवलिन थ्रोअर अन्नू रानी अब हरियाणवी बहू बनने जा रही हैं। अन्नू 18 नवंबर को रोहतक के किक बॉक्सर साहिल के साथ शादी करेंगी। शादी में मेहमानों की संख्या सीमित रहेगी, जबकि 19 नवंबर को रोहतक के बैंक्वेट हॉल में रिसेप्शन रखा गया है। इसमें केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, कई मंत्री और अनेक ओलिंपियन शामिल होंगे।
दोनों परिवार स्पोर्ट्स बैकग्राउंड से जुड़े हैं, इसलिए मेहमानों की लिस्ट में भी खिलाड़ी शामिल हैं। रेस वॉक एथलीट ओलिंपियन प्रियंका गोस्वामी और संदीप पूनिया को भी निमंत्रण भेजा गया है। स्पोर्ट्स मोटिवेटर राजनारायण पंघाल ने बताया कि उन्हें दोनों परिवारों से निमंत्रण मिला है।
साहिल मूल रूप से रोहतक के सांपला गांव के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में रोहतक की जनता कॉलोनी में रहते हैं। साहिल खुद किक बॉक्सर हैं और 4 बार नेशनल चैंपियन बने हैं। जुलाई 2025 में उन्होंने छत्तीसगढ़ में नेशनल चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता। अन्नू रानी का सफर बेहद संघर्षों से भरा रहा है। शुरुआती दिनों में वह चोरी-छिपे खेतों में गन्ने से जेवलिन की प्रैक्टिस करती थीं।
साहिल के परिवार का अमेरिका में बिजनेस है। वहां उनके वेयरहाउस और गैस स्टेशन हैं, जिन्हें उनका भाई संभालता है। साहिल के पिता रवि केंद्र सरकार के EPFO विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां मुकेश देवी गृहिणी हैं।
अन्नू रानी का जन्म 28 अगस्त 1992 को मेरठ के बहादुरपुर गांव में किसान परिवार में हुआ। उन्होंने गन्ने का भाला बनाकर फेंकना शुरू किया। उनके भाई उपेंद्र ने उनकी ताकत पहचानी और खेल में आने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में गांव के माहौल और पिता की अनिच्छा के कारण उन्हें दिक्कतें आईं, लेकिन बाद में पिता मान गए।
2014 में उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर अपने करियर की शानदार शुरुआत की। 2019 में अन्नू रानी विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाला फेंक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता। 2023 एशियन गेम्स में अन्नू रानी ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
हालांकि अन्नू 2024 पेरिस ओलिंपिक के लिए योग्यता के आधार पर क्वालीफाई नहीं कर पाईं, लेकिन उन्हें रैंकिंग कोटा के जरिए ओलिंपिक में मौका मिला। वह दुनिया की शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ियों में शामिल रही हैं।
Author1