NEET UG 2026 के टॉपर पांशुल बंसल से मिले CM सैनी, बोले- हरियाणा का मान बढ़ाया
हरियाणा के पांशुल बंसल ने NEET UG 2026 में AIR-2 हासिल की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी और कहा कि वे देश के हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
NEET UG 2026 में हरियाणा के पांशुल बंसल ने AIR-2 हासिल की
■ मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मुलाकात कर दी बधाई
■ बोले- पांशुल देश के हेल्थकेयर सिस्टम की बड़ी ताकत बनेंगे
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में NEET UG 2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-2 हासिल करने वाले पांशुल बंसल से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने पांशुल की उपलब्धि को हरियाणा के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांशुल की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि पांशुल भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर देश के हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सीएम ने परिवार को भी दी बधाई
मुख्यमंत्री ने पांशुल के माता-पिता से भी मुलाकात की और कहा कि किसी भी छात्र की सफलता के पीछे परिवार का बड़ा योगदान होता है। उन्होंने पांशुल और उनके परिवार को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
फरीदाबाद से रोज दिल्ली जाकर की तैयारी
पांशुल बंसल ने दिल्ली के कैलाश कॉलोनी स्थित समर फील्ड स्कूल से 12वीं की पढ़ाई की। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की कोचिंग ली।
पांशुल ने बताया कि वह रोज फरीदाबाद से दिल्ली पढ़ाई के लिए आते-जाते थे। तैयारी के दौरान उनके माता-पिता ने हर परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाया। कम अंक आने पर भी उन्हें डांटने के बजाय प्रोत्साहित किया जाता था।
पढ़ाई के साथ मानसिक संतुलन पर भी दिया ध्यान
पांशुल ने बताया कि उन्होंने तैयारी के दौरान खुद को पूरी तरह सोशल लाइफ से अलग नहीं किया। खाली समय में वे यूट्यूब और एनिमेशन वीडियो देखते थे। हर कुछ महीनों में दोस्तों के साथ घूमने और समय बिताने भी जाते थे।
उनका मानना है कि लंबे समय तक पढ़ाई के दौरान मानसिक ताजगी बनाए रखना सफलता के लिए बेहद जरूरी है।
CM सैनी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पांशुल की उपलब्धि भारत के युवाओं की प्रतिभा, समर्पण और महत्वाकांक्षा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा भविष्य में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र की नई पहचान बनेंगे।
pooja