फरीदाबाद में वकील के घर से 2 किलो सोना-₹20 लाख कैश चोरी
फरीदाबाद के सेक्टर-16 में जिला कोर्ट के एडवोकेट के घर से करीब 2 किलो सोना, 20 लाख रुपए नकद और कार चोरी हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
फरीदाबाद के सेक्टर-16 में वकील के घर बड़ी चोरी
■ परिवार नोएडा गया, पीछे से चोरों ने घर खंगाला
■ 2 किलो सोना, ₹20 लाख कैश और कार लेकर फरार
फरीदाबाद। शहर के पॉश सेक्टर-16 में जिला कोर्ट के एक एडवोकेट के घर में करोड़ों की चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए घर में घुसकर करीब 2 किलो सोने के जेवर, 20 लाख रुपए नकद और एक कार चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पीड़ित एडवोकेट हरीश पाल चपराना का परिवार 20 जुलाई को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नोएडा गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने सुनसान घर को निशाना बनाया।
AC की खिड़की तोड़कर घर में घुसे
परिवार की सदस्य सुबोध के अनुसार, चोर पहले घर की चारदीवारी फांदकर अंदर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने एसी की खिड़की का शीशा तोड़ा और घर में प्रवेश कर गए। अंदर घुसने के बाद बदमाशों ने कमरों और अलमारियों के ताले तोड़ दिए।
अलमारी में रखे करीब दो किलो सोने के आभूषण और लगभग 20 लाख रुपए नकद लेकर आरोपी फरार हो गए। वारदात के बाद घर के अंदर जेवरों के खाली डिब्बे और बिखरा सामान मिला।
चोरी के बाद परिवार की कार भी ले गए
चोर घर के बाहर खड़ी परिवार की कार भी अपने साथ ले गए। हालांकि बाद में यह कार ओल्ड रेड लाइट इलाके के पास लावारिस हालत में बरामद हो गई।
पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने वारदात के बाद फरार होने के लिए कार का इस्तेमाल किया और बाद में उसे छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर हुई वारदात
हैरानी की बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर सेक्टर-16 पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद चोर आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सेक्टर-16 चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
pooja