12वीं की छात्रा को सम्मोहित कर ले गई साध्वी, पिता बोले- फोन पर 25 लाख फिरौती मांगी, पुलिस बोल रही- काल फर्जी

भिवानी में 12वीं की छात्रा के गायब होने के मामले में परिवार ने साध्वी पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पिता को 25 लाख की फिरौती मांगने वाली कॉल भी आई।

12वीं की छात्रा को सम्मोहित कर ले गई साध्वी,  पिता बोले- फोन पर 25 लाख फिरौती मांगी, पुलिस बोल रही- काल फर्जी
  • भिवानी में 12वीं की छात्रा को साध्वी बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
  • पिता बोले- बेटी गायब होने के बाद आया 25 लाख की फिरौती का कॉल
  • पुलिस का दावा- फिरौती मांगने वाली कॉल निकली फर्जी, तलाश जारी

हरियाणा के भिवानी जिले में 12वीं कक्षा की एक छात्रा के अचानक गायब होने का मामला सनसनी का विषय बन गया है। परिवार ने आरोप लगाया है कि एक महिला साध्वी उनकी बेटी को सम्मोहित कर अपने साथ ले गई। वहीं लड़की के गायब होने के कुछ घंटे बाद परिवार को 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाली कॉल भी आई।

मामला भिवानी के खापड़वास गांव का है। लड़की के पिता बिजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी नया बस स्टैंड के सामने परचून की दुकान है। दुकान के ऊपर ही परिवार रहता है। गुरुवार को एक महिला साध्वी के रूप में दुकान पर पहुंची और भोजन मांगने लगी।

इसी दौरान उनकी करीब साढ़े 16 वर्षीय बेटी भी वहां मौजूद थी। परिवार ने साध्वी को खाना दे दिया। बिजेंद्र सिंह का आरोप है कि जब वह पानी भरने के लिए कुछ देर के लिए अंदर गए और वापस लौटे तो उनकी बेटी और वह महिला साध्वी दोनों गायब थीं।

परिवार का आरोप है कि महिला साध्वी ने उनकी बेटी को किसी तरह बहला-फुसलाकर या सम्मोहित कर अपने साथ ले लिया। इसके बाद परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन लड़की का कोई सुराग नहीं लगा।

मामले में नया मोड़ तब आया जब लड़की के गायब होने के कुछ घंटे बाद परिवार को वाट्सएप कॉल के जरिए 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने की बात कही गई। पिता का कहना है कि कॉल करने वाले ने पैसे की मांग की, लेकिन उसके बाद दोबारा कोई संपर्क नहीं हुआ।

परिवार लगातार अपनी बेटी की तलाश में जुटा हुआ है। बिजेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने सूचना दी है कि लड़की को रोहतक की एक बस में भी देखा गया था। परिवार ने प्रशासन से बेटी को जल्द सुरक्षित बरामद करने की गुहार लगाई है।

उधर, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साध्वी की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाली कॉल फिलहाल जांच में फर्जी पाई गई है। लड़की की तलाश के लिए थाना पुलिस, CIA और अन्य टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।