MDU के गेट पर छात्रों ने जड़ा ताला, 10% फीस बढ़ोतरी को लेकर भड़के

रोहतक MDU में 10 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर छात्रों ने गेट पर ताला जड़ा। 12 दिन से धरना जारी, मांग पूरी होने तक आंदोलन की चेतावनी।

MDU के गेट पर छात्रों ने जड़ा ताला, 10% फीस बढ़ोतरी को लेकर भड़के

10 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्रों ने MDU गेट पर जड़ा ताला

12 दिन से धरना जारी, छात्रों ने कहा- मांग पूरी होने तक आंदोलन नहीं रुकेगा

छात्र बोले- वीसी पर रजिस्ट्रार हावी, मांगें नहीं मानीं तो होगा बड़ा आंदोलन

रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) में 10 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी सहित अन्य मांगों को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को और तेज हो गया। मिशन इक्वेलिटी स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन और अन्य छात्र संगठनों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए MDU गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वीसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों की समस्याओं को तुरंत दूर करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन पर बैठे छात्र संगठन के जनरल सेक्रेटरी नकुल ने कहा कि छात्रों को धरने पर बैठे हुए 12 दिन हो चुके हैं, लेकिन MDU प्रशासन की तरफ से उन्हें बातचीत के लिए नहीं बुलाया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों की तीन मांगों को लेकर धरना चल रहा है और इसमें अन्य छात्रों का भी समर्थन मिल रहा है। आज विरोध प्रदर्शन करते हुए गेट को बंद किया गया है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

10 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी को लेकर छात्रों में नाराजगी

नकुल ने बताया कि MDU में 2022 में ईसी की मीटिंग के दौरान एक प्रस्ताव पास किया गया था। इसमें हर साल 10 प्रतिशत फीस बढ़ाने का नियम बनाया गया। छात्रों की मांग है कि इस नियम को रद्द किया जाए।

उन्होंने फीस बढ़ोतरी का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर किसी कोर्स की फीस सालाना 50 हजार या 70 हजार है, तो अगले साल इसमें 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने के बाद फीस 55 हजार या 77 हजार हो जाएगी। छात्रों का कहना है कि हर साल फीस में इस तरह की बढ़ोतरी से विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

इसी मुद्दे को लेकर छात्र संगठन लगातार विरोध कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि फीस बढ़ोतरी के फैसले को वापस लेने की मांग को लेकर प्रशासन को उनकी बात सुननी चाहिए, लेकिन अभी तक बातचीत के लिए उन्हें नहीं बुलाया गया है।

BPL छात्रों को हॉस्टल फीस में 50 प्रतिशत छूट की मांग

छात्र संगठन के जनरल सेक्रेटरी नकुल ने बीपीएल परिवार के छात्रों के लिए हॉस्टल फीस में छूट की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की तर्ज पर BPL परिवार के छात्रों को हॉस्टल फीस में 50 प्रतिशत की छूट दी जानी चाहिए।

इसके अलावा छात्रों ने MDU में हुई भर्तियों को लेकर भी सवाल उठाए। नकुल ने कहा कि 22 जुलाई को भर्तियां निकाली गईं, लेकिन इसमें यह नहीं बताया गया कि किस विभाग में कितने शिक्षकों की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रोफेसर भर्ती में आरक्षण नियम को लागू नहीं किया जा रहा

छात्र संगठनों का कहना है कि फीस बढ़ोतरी के साथ-साथ इन मांगों पर भी यूनिवर्सिटी प्रशासन को स्पष्ट जवाब देना चाहिए और समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

छात्रों ने MDU वीसी को बताया डमी, रजिस्ट्रार पर लगाया हावी होने का आरोप

प्रदर्शनकारी छात्र नेता नकुल ने MDU के वीसी को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि MDU का वीसी डमी साबित हो रही है। उनके मुताबिक छात्रों को हर बार झूठे आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता।

नकुल ने आरोप लगाया कि MDU वीसी पर रजिस्ट्रार हावी नजर आ रहा है, जिसके कारण छात्रों की मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि छात्रों को बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

गेट बंद कर आंदोलन तेज, मांग पूरी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन

छात्र संगठन ने साफ कर दिया है कि MDU प्रशासन की ओर से मांगों पर समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। नकुल ने कहा कि जब तक छात्रों की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि आज विरोध प्रदर्शन करते हुए MDU गेट को बंद किया गया है। अगर इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होतीं तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसमें पूरे प्रदेश के छात्र संगठनों के सदस्य शामिल होंगे।

छात्र संगठनों के इस प्रदर्शन के साथ MDU में फीस बढ़ोतरी, हॉस्टल फीस में छूट और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी मांगों को लेकर आंदोलन और तेज होने के संकेत हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे।