बिना दूल्हन बारात वापिस लौटे बिट्टू बजरंगी, शादी के नाम पर उनके साथ ही धोखाधड़ी!
नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी ने अलीगढ़ में शादी के नाम पर 1.20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मंदिर पहुंची बारात को दुल्हन नहीं मिली। फरीदाबाद में तीन के खिलाफ FIR दर्ज।
■ अलीगढ़ में शादी के नाम पर 1.20 लाख में सौदा तय
■ मंदिर पहुंची बारात, दुल्हन और बिचौलिया गायब
■ फरीदाबाद में तीन लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
हरियाणा के नूंह में 2023 में हुई हिंसा के आरोपी और खुद को गौरक्षक बताने वाले बिट्टू बजरंगी उर्फ राजकुमार पंचाल एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला किसी सांप्रदायिक गतिविधि से नहीं, बल्कि शादी के नाम पर हुई कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में उनसे शादी के नाम पर करीब 1 लाख 20 हजार रुपए ठग लिए गए और बारात बिना दुल्हन के ही लौटानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी निवासी बिट्टू बजरंगी ने विवाह के लिए एक बिचौलिए से संपर्क किया था। पड़ोसी के एक रिश्तेदार के माध्यम से उनकी पहचान बंटी नाम के व्यक्ति से हुई। बंटी ने उन्हें अलीगढ़ निवासी युवती रानी से मिलवाया। शुरुआती मुलाकात के बाद बात आगे बढ़ी और शादी की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया गया।
शिकायत के मुताबिक, कुल 1.20 लाख रुपए में शादी तय हुई। पांच सितंबर 2025 को आरोपी बंटी ने अपने खाते में तीन हजार रुपए ट्रांसफर करवाए। उसी रात कथित तौर पर लड़की पक्ष के छह लोग फरीदाबाद स्थित उनके घर पहुंचे। रस्मों और कार्यक्रम को लेकर बातचीत हुई और बारात लेकर अलीगढ़ आने के लिए कहा गया।
आरोप है कि शादी की प्रक्रिया और अन्य खर्चों के नाम पर बंटी और उसके साथी प्रदीप ने उनसे 30 हजार रुपए और ले लिए। तय कार्यक्रम के अनुसार सात सितंबर को बिट्टू बजरंगी बारात लेकर अलीगढ़ के बताए गए मंदिर पहुंचे। परिवार और रिश्तेदार भी साथ थे। लेकिन वहां न तो लड़की मौजूद थी और न ही बिचौलिया या उसका कोई सहयोगी।
काफी देर तक इंतजार करने और बार-बार फोन मिलाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति स्पष्ट न होने के कारण बारात को बिना दुल्हन के ही फरीदाबाद लौटना पड़ा। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना से उन्हें मानसिक आघात पहुंचा है।
मामले में फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस ने बंटी, प्रदीप और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह शादी के नाम पर ठगी करने वाले किसी संगठित गिरोह का हिस्सा तो नहीं है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें बिट्टू बजरंगी पूजा नाम की एक युवती से शादी की गुहार लगाते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Akhil Mahajan