हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट,4 जिलों में रेड अलर्ट, 12 में बारिश के आसार

हरियाणा के चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। 12 जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं, जबकि बिजली की मांग 12,477 मेगावाट पहुंची है।

हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट,4 जिलों में रेड अलर्ट, 12 में बारिश के आसार

अंबाला, पंचकूला समेत 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
15 अगस्त तक कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश के आसार
उमस के बीच बिजली की डिमांड 12,477 मेगावाट तक पहुंची

हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मानसून ट्रफ की अक्षय रेखा में बदलाव और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सरकुलेशन के कारण प्रदेश में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से के चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा करनाल, कैथल और आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है। पंचकूला में सुबह हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया, जबकि गुरुग्राम में वीरवार शाम तेज बारिश देखने को मिली।

प्रदेश के हिसार, जींद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी और चरखी दादरी में भी मध्यम बारिश के आसार हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी से लेकर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

15 अगस्त तक बारिश, 16 से गतिविधियां घटेंगी।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 13 अगस्त की रात से 15 अगस्त के दौरान मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी होने के आसार हैं।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 16 अगस्त से मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में कमी आएगी। हालांकि बीच-बीच में बादल छाए रह सकते हैं।

इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, लेकिन रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। यानी बारिश के बावजूद उमस से पूरी तरह राहत मिलने में अभी समय लग सकता है।

तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा।

बारिश के आसार के बावजूद प्रदेश में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। बुधवार को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

फरीदाबाद प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में 37.7 डिग्री, रोहतक में 37.3 डिग्री, करनाल में 36.2 डिग्री और चंडीगढ़ में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

हवा में नमी अधिक होने के कारण तापमान बहुत ज्यादा नहीं होने के बावजूद लोगों को दिनभर उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा।

हिसार में सबसे ज्यादा 8.3 एमएम बारिश।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। हिसार में सबसे ज्यादा 8.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। फतेहाबाद में 3.0 मिलीमीटर, सादलपुर में 2.5 मिलीमीटर और पंचकूला में 2.0 मिलीमीटर बारिश हुई।

इसके अलावा नारनौल में रात के समय 2.0 मिलीमीटर और नूंह में 1.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। अलग-अलग क्षेत्रों में हुई बारिश से तापमान पर कुछ असर पड़ा, लेकिन हवा में मौजूद नमी के कारण उमस बनी रही।

रात का तापमान भी बढ़ा।

प्रदेश में रात के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों की तुलना में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि रात का तापमान सामान्य के आसपास रहा।

यमुनानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फरीदाबाद में रात का पारा सबसे अधिक 29.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

अंबाला में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री, करनाल में 27.4 डिग्री, नारनौल में 27.5 डिग्री, रोहतक में 27.6 डिग्री और जींद में 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उमस के बीच बिजली की मांग बढ़ी।

मानसून गतिविधियों में उतार-चढ़ाव के बीच प्रदेश में उमस और गर्मी का असर बिजली की खपत पर भी दिखाई दे रहा है। गर्मी से राहत नहीं मिलने के कारण बिजली की डिमांड करीब 12,477 मेगावाट तक पहुंच गई।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से कई क्षेत्रों में तापमान में कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि 16 अगस्त से मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटी की ओर जाने के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है।