चंडीगढ़ एयरपोर्ट 26 अक्टूबर से 7 नवंबर तक बंद, सभी उड़ानें प्रभावित
चंडीगढ़ एयरपोर्ट 26 अक्टूबर से 7 नवंबर तक बंद रहेगा। हरियाणा मंत्री अनिल विज ने अंबाला एयरपोर्ट को अस्थायी विकल्प बनाने का प्रस्ताव दिया। अंबाला एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार है और कई रूट्स पर उड़ानें शुरू हो सकती हैं।
➤ चंडीगढ़ एयरपोर्ट 26 अक्टूबर से 7 नवंबर तक बंद, सभी उड़ानें प्रभावित
➤ हरियाणा मंत्री अनिल विज ने अंबाला एयरपोर्ट को अस्थायी विकल्प बनाने का प्रस्ताव दिया
➤ अंबाला एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार, उड़ानों के लिए कई रूट्स प्रस्तावित
हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ एयरपोर्ट 26 अक्टूबर से 7 नवंबर तक 13 दिनों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान यहां से संचालित होने वाली सभी 33 घरेलू और 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित होंगी। एयरपोर्ट बंद होने से हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के हजारों यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
इस बीच हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को चिट्ठी लिखकर अंबाला डोमेस्टिक एयरपोर्ट को अस्थायी विकल्प के रूप में शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। विज ने कहा कि अंबाला एयरपोर्ट, चंडीगढ़ से महज 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यहां से उड़ानें संचालित करना पूरी तरह संभव है।
अंबाला कैंट में स्थित यह डोमेस्टिक एयरपोर्ट लगभग पूरी तरह तैयार है। यहां लगेज स्कैनर, सुरक्षा मशीनें और चेक-इन काउंटर इंस्टॉल कर दिए गए हैं। पुलिस सुरक्षा भी तैनात की जा चुकी है। विज के मुताबिक, चंडीगढ़ एयरपोर्ट बंद रहने के दौरान उड़ानों को अंबाला से संचालित किया जा सकता है, जिससे यात्रियों को परेशानी से बचाया जा सके।
सरकार की ओर से इस एयरपोर्ट के लिए अब तक 1 करोड़ 88 लाख 23 हजार 603 रुपए की किस्त एयरपोर्ट अथॉरिटी को भेजी जा चुकी है। 20 एकड़ भूमि पर बने इस एयरपोर्ट के निर्माण में 133 करोड़ रुपए भूमि अधिग्रहण, 40 करोड़ भवन निर्माण और 16 करोड़ रुपए अन्य कार्यों पर खर्च किए गए हैं।
अंबाला एयरपोर्ट से प्रारंभिक चरण में अयोध्या, श्रीनगर और लखनऊ के लिए उड़ानें प्रस्तावित हैं। अधिकारियों के अनुसार, अगर केंद्र सरकार अनुमति देती है तो इन रूटों पर फ्लाइट संचालन तुरंत शुरू किया जा सकता है। रनवे, सुरक्षा और यात्रियों की आवाजाही से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट बंद होने का कारण रनवे की मरम्मत है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, रनवे की मरम्मत पॉलिमर मॉडिफाइड इमल्शन तकनीक से की जाएगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर का नया लैंडिंग सिस्टम (ILS) लगाया जाएगा, जो धुंध और खराब मौसम में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करेगा। इस अवधि में कोई भी विमान उड़ान भरेगा या उतरेगा। पहले से बुक यात्रियों को रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट बंद होने से रोजाना हजारों यात्रियों को परेशानी होगी। ऐसे में अंबाला एयरपोर्ट को शुरू करने से उन्हें करीबी और सुलभ विकल्प मिलेगा। अंबाला से दिल्ली, अयोध्या और श्रीनगर की उड़ानें शुरू होने से अंबाला और आसपास के जिलों के लोगों को सीधा फायदा होगा। अनिल विज ने केंद्र सरकार से अपील की है कि “चंडीगढ़ एयरपोर्ट बंद रहने की स्थिति में अंबाला एयरपोर्ट को तुरंत ऑपरेशनल किया जाए, ताकि जनता को असुविधा न हो।” अब इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला केंद्र सरकार को लेना है।
Akhil Mahajan