Chandigarh Mayor Election 2026: बीजेपी के सौरभ जोशी बने मेयर, पढ़ें किस प्रत्याशी को कितने मिले वोट?
चंडीगढ़ मेयर चुनाव 2026 में भाजपा के सौरभ जोशी 18 वोटों के साथ निर्वाचित हुए। आप को 11 और कांग्रेस को 7 वोट मिले। जसमन सिंह सीनियर डिप्टी मेयर बने।
चंडीगढ़ मेयर चुनाव 2026 में भाजपा के सौरभ जोशी निर्वाचित
सौरभ जोशी को 18, आप प्रत्याशी को 11 और कांग्रेस को 7 वोट मिले
भाजपा के जसमन सिंह बने सीनियर डिप्टी मेयर
Chandigarh Mayor Election 2026 में चंडीगढ़ को नया मेयर मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सौरभ जोशी ने बहुमत हासिल करते हुए मेयर पद पर जीत दर्ज की। चुनाव में उन्हें 18 पार्षदों का समर्थन मिला।
इस बार मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं हो पाया। कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी अलग से मैदान में उतारे, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया। चुनाव में भाजपा के सौरभ जोशी, आम आदमी पार्टी के योगेश ढींगरा और कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गाबी प्रत्याशी थे।
मतगणना के बाद तस्वीर साफ हो गई। भाजपा प्रत्याशी सौरभ जोशी को 18 वोट, आप प्रत्याशी योगेश ढींगरा को 11 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी गुरप्रीत सिंह गाबी को 7 वोट मिले।
मेयर चुनाव के साथ-साथ सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए भी मतदान हुआ। इस पद पर भाजपा के जसमन सिंह को 18 वोट मिले और उन्होंने जीत हासिल की। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मुन्नवर खान को 11 वोट मिले।
चुनाव से पहले कांग्रेस और आप के बीच संभावित तालमेल की चर्चाएं थीं, लेकिन अंतिम समय तक दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ते रहे। कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया था कि वह मेयर सहित तीनों पदों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी और आप का समर्थन नहीं करेगी।
किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले?
- कांग्रेस प्रत्याशी गुरप्रीत को सात वोट
- भाजपा सौरभ को 18 वोट मिले
- आप योगेश को 11 वोट मिले
रात आठ बजे से कांग्रेस पार्षदों के फोन हुए बंद
कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने अपने घर पर पार्षदों से बैठक की। लक्की ने मेयर चुनाव के साथ आगामी नगर निगम चुनाव पर भी चर्चा की। पार्षदों ने दोहराया कि वह मेयर सहित तीनों पदों पर चुनाव लड़ेंगे। आप का समर्थन नहीं करेंगे। रात आठ बजे कांग्रेस के पार्षदों के फोन बंद हो गए।
आप की सुखना पर लंच डिप्लोमेसी, तीन पार्षद नहीं पहुंचे
आम आदमी पार्टी के पार्षद बुधवार दोपहर को सुखना लेक पर लंच करने पहुंचे। आप चंडीगढ़ प्रभारी जनरैल सिंह और अध्यक्ष विजय पाल यादव की मौजूदगी में पार्षद सोलर क्रूज पर मंत्रणा करते दिखे।
हालांकि, फोटो में छह से सात पार्षद ही दिखने से कई सवाल भी खड़े हो गए। आपसी टकराव और नाराजगी यहां भी देखने को मिली। रामचंद्र यादव और जसबीर सिंह लाडी लंच पर नहीं पहुंचे। हालांकि दमनप्रीत सिंह मौजूद रहे।
Akhil Mahajan