कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक, CJP ने X पर किया दावा
कॉकरोच जनता पार्टी ने इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने का दावा किया है। पार्टी के फॉलोअर्स 2 करोड़ 17 लाख पहुंच गए हैं, जबकि संस्थापक अभिजीत दीपके ने धमकियां मिलने की बात कही है।
➤ कॉकरोच जनता पार्टी ने इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने का दावा किया
➤ CJP के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 2 करोड़ 17 लाख पहुंचे, X पर भी तेजी से बढ़ी संख्या
➤ संस्थापक अभिजीत दीपके बोले- मिली जान से मारने की धमकी, स्क्रीनशॉट किए शेयर
सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि उसका आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है। शनिवार सुबह 8:25 बजे पार्टी ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को एक्सेस नहीं कर पा रही है। हालांकि आम यूजर्स अभी भी अकाउंट देख पा रहे हैं।
इस बीच CJP के सोशल मीडिया अकाउंट्स की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। इंस्टाग्राम पर पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या बढ़कर 2 करोड़ 17 लाख तक पहुंच गई है। वहीं X प्लेटफॉर्म पर भी शनिवार सुबह तक फॉलोअर्स की संख्या 1 लाख 94 हजार से ज्यादा दर्ज की गई।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें वॉट्सऐप पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। उन्होंने धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर शेयर किए।
CJP launching campaign demanding the resignation of Education Minister Dharmendra Pradhan.
Please sign the petition: https://t.co/hXUOaCeIqJ#EduMinisterMustResign pic.twitter.com/dT6AmmoOQq — Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) May 22, 2026
अभिजीत दीपके हाल ही में एक ऑनलाइन पिटीशन लेकर सामने आए थे, जिसमें उन्होंने NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने वीडियो पोस्ट में लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पिटीशन पर साइन करने की अपील की थी। शुक्रवार रात 10 बजे तक इस ऑनलाइन पिटीशन पर 4 लाख 86 हजार से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके थे।
उधर महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले अभिजीत के माता-पिता बेटे की अचानक बढ़ती लोकप्रियता और विवादों को लेकर चिंतित नजर आए। अभिजीत के पिता भगवान दीपके ने एक मराठी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि आज के माहौल को देखकर डर लगना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि चाहे फॉलोअर्स कितने भी क्यों न हों, लेकिन ऐसे मामलों में खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि अभिजीत ने खुद भी भारत लौटने पर गिरफ्तारी का डर जताया है। पिता ने कहा कि पिछले दो दिनों से वह बेटे को लेकर चिंता में हैं और ठीक से सो भी नहीं पा रहे।
अभिजीत की मां अनीता दीपके ने भी राजनीति से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पहले भी जब अभिजीत आम आदमी पार्टी के साथ काम कर रहे थे, तब उन्होंने बेटे से राजनीति से दूर रहने को कहा था।
सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा था कि CJP के ज्यादातर फॉलोअर्स भारत से बाहर के देशों जैसे पाकिस्तान, बांग्लादेश और अमेरिका से हैं। हालांकि पार्टी की ओर से कहा गया कि ऐसा नहीं है और उनके करीब 96% फॉलोअर्स भारतीय हैं।
इससे पहले 21 मई को CJP का X अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद संगठन ने नया अकाउंट बनाया, जिसका नाम “कॉकरोच इज बैक” रखा गया। इसके बायो में लिखा गया- “Cockroaches Don’t Die”, यानी कॉकरोच मरते नहीं।
CJP खुद को उन लोगों की राजनीतिक आवाज बताती है, जिन्हें व्यवस्था ने कभी गंभीरता से नहीं लिया। अपनी वेबसाइट पर पार्टी ने खुद को “सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी” बताया है। पार्टी जॉइन करने के लिए बेरोजगार, आलसी, क्रॉनिकली ऑनलाइन और प्रोफेशनली रेंट करने की क्षमता जैसी शर्तें भी रखी गई हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत उस समय चर्चा में आई थी, जब 15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने युवाओं को लेकर एक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कुछ युवा कॉकरोच की तरह भटक रहे हैं और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट बनकर हर किसी पर हमला कर रहे हैं। इसके अगले दिन ही “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से डिजिटल पहल शुरू हुई थी।
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट हैं। वह फिलहाल अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की मास्टर डिग्री कर रहे हैं। अभिजीत 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट भी रह चुके हैं।
Akhil Mahajan