NEET पेपर लीक पर Cockroach JP का बड़ा अभियान, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग पर ऑनलाइन पिटीशन
Cockroach Janata Party ने NEET UG पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के लिए ऑनलाइन पिटीशन शुरू की है, जिसे डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों का समर्थन मिल चुका है।
NEET पेपर लीक मामले पर Cockroach Janata Party का नया अभियान
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के लिए शुरू हुई ऑनलाइन पिटीशन
अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा लोग कर चुके समर्थन
➤ विस्तृत खबर
देशभर में चर्चा का विषय बनी Cockroach Janata Party (CJP) ने अब NEET UG पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा डिजिटल अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग करते हुए एक ऑनलाइन पिटीशन शुरू की गई है।
इस पिटीशन को सोशल मीडिया पर तेजी से समर्थन मिल रहा है। दावा किया जा रहा है कि अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा लोग इस अभियान से जुड़ चुके हैं और अपने साइन कर चुके हैं। युवाओं के बीच यह मुद्दा तेजी से वायरल हो रहा है।
Cockroach Janata Party ने अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। पार्टी समर्थकों का कहना है कि लाखों छात्रों की मेहनत पर सवाल खड़े हुए हैं, इसलिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर #NEETExam, #CockroachJP और “मैं भी हूं कॉकरोच” जैसे ट्रेंड्स लगातार वायरल हो रहे हैं। कई युवा इस डिजिटल कैंपेन को बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और परीक्षा प्रणाली में बढ़ती अव्यवस्था के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध बता रहे हैं।
हाल ही में हरियाणा समेत कई राज्यों में “मैं भी हूं कॉकरोच” बैनर के साथ प्रदर्शन भी देखने को मिले थे। राजनीतिक नेताओं और छात्र संगठनों ने भी इस मुद्दे पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं।
Cockroach Janata Party खुद को एक व्यंगात्मक डिजिटल मूवमेंट बताती है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। युवाओं का एक बड़ा वर्ग इसे अपनी नाराजगी और असंतोष की आवाज के रूप में देख रहा है।
Akhil Mahajan