पेट के आर पार हुई गोली फिर भी खुद चल कर अस्पताल पहुंचा डॉक्टर, जानें पूरी खबर
हरियाणा के कैथल में आढ़ती ने लेन-देन विवाद को लेकर डॉक्टर प्रतीक कुमार पर पेट में गोली मार दी। पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। डॉक्टर का इलाज चंडीगढ़ PGI में चल रहा है।
➤ कैथल में आढ़ती ने डॉक्टर पर पेट में गोली चलाकर किया हमला
➤ लेन-देन विवाद को लेकर वारदात की गई, आरोपी पड़ोसी जितेंद्र है
➤ डॉक्टर चंडीगढ़ PGI में आईसीयू में भर्ती, 4 आरोपियों पर FIR दर्ज
हरियाणा के कैथल जिले में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के सेक्टर-21 में रविवार शाम डॉक्टर प्रतीक कुमार पर गोली चलाकर हमला किया गया। डॉक्टर प्रतीक सेक्टर-19 के रहने वाले हैं और शाहाबाद के आदेश अस्पताल में प्रैक्टिस करते हैं। बताया गया है कि वे शाम करीब 7 बजे सैर पर निकले थे, तभी स्कूटी सवार आरोपी युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके पेट में लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में डॉक्टर प्रतीक ने अपने दोस्तों और परिवारवालों को कॉल कर अस्पताल पहुंचने की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलने पर DSP वीरभान और FSL टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र, जो पेशे से आढ़ती है और डॉक्टर का पड़ोसी भी है, ने वारदात को अंजाम दिया। डॉक्टर के पिता गुलाब सिंह ने बताया कि करीब 50 लाख रुपए का लेन-देन विवाद चल रहा था। उन्होंने साल 2018-19 व 2020 में उक्त राशि आढ़ती को उधार दी थी ताकि ब्याज सहित रकम वापस मिल सके। आरोपियों ने धीरे-धीरे भुगतान में आनाकानी शुरू कर दी और फिर यह वारदात हो गई।
पुलिस ने जितेंद्र, उसके पिता सुरजीत सिंह, भाई अमरजीत और भाभी संगीता के खिलाफ जानलेवा हमला करने की FIR दर्ज कर दी है। हालांकि आरोपी फिलहाल गिरफ्त से बाहर हैं। डॉक्टर प्रतीक का इलाज चंडीगढ़ PGI के ICU में चल रहा है। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।