बेटे की हत्या कर पिता ने शव छाती से बांधा:फिर खुद भी फांसी लगाई

बल्लभगढ़ में युवक ने 5 साल के बेटे की हत्या कर शव को अपनी छाती से बांधा और खुद फांसी लगा ली। पारिवारिक विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।

बेटे की हत्या कर पिता ने शव छाती से बांधा:फिर खुद भी फांसी लगाई
  • 5 साल के बेटे की हत्या कर पिता ने की आत्महत्या
  • शव को छाती से बांधकर पंखे से लटका युवक
  • परिवार से झगड़े के बाद सामने आया दिल दहला देने वाला मामला

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र से बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। दयालपुर गांव में एक युवक ने पहले अपने 5 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर उसके शव को रस्सी से अपनी छाती से बांधकर खुद पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक युवक की पहचान सागर के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था। उसका 5 साल का बेटा रक्षित नर्सरी कक्षा में पढ़ता था। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और घरेलू कलह की बात सामने आई है।

मृतक के पिता रूपचंद ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा भारत अविवाहित है, जबकि छोटा बेटा सागर शादीशुदा था। सागर का स्वभाव काफी झगड़ालू था और वह अक्सर परिवार के लोगों के साथ मारपीट करता था। इसी कारण करीब एक साल पहले परिवार के बाकी सदस्य मच्छगर गांव में किराए के मकान में रहने लगे थे, जबकि सागर दयालपुर स्थित अपने पैतृक घर में अकेला रहता था।

परिजनों के अनुसार सागर शनिवार और रविवार को परिवार से मिलने आता था। वह अक्सर अपने बेटे रक्षित को कुछ समय के लिए अपने साथ दयालपुर ले जाता था। रविवार सुबह करीब 9 बजे भी वह मच्छगर गांव पहुंचा था। यहां किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई। इसके बाद वह बेटे रक्षित को यह कहकर अपने साथ ले गया कि उसे घुमाने और खिलाने-पिलाने के लिए दयालपुर ले जा रहा है।

शाम तक जब सागर बेटे को वापस छोड़ने नहीं आया तो परिवार को चिंता हुई। परिजनों ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद परिवार के लोग दयालपुर स्थित उसके घर पहुंचे।

घर का मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से सीढ़ी लगाकर परिवार घर के अंदर पहुंचा। जब कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद मिला तो उसे तोड़ा गया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग सन्न रह गए।

सागर पंखे से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। उसके 5 वर्षीय बेटे रक्षित का शव रस्सी से उसकी छाती पर बंधा हुआ था। बच्चे की गर्दन पर गला दबाने के निशान मिले। घटना देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही सदर थाना बल्लभगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सागर के संबंध परिवार के साथ अच्छे नहीं थे और घरेलू विवाद लगातार चल रहा था। सागर के पिता की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है।

पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या से पहले की परिस्थितियों को खंगाल रही है।