सोनीपत में फूड पॉइजनिंग: एक की मौ*त, दो की हालत गंभीर

सोनीपत में फूड पॉइजनिंग से एक व्यक्ति की मौत और दो की हालत नाजुक। दूषित पानी बताया जा रहा मुख्य कारण। नागरिक अस्पताल में कई लोग भर्ती, PGI रोहतक रेफर।

सोनीपत में फूड पॉइजनिंग: एक की मौ*त, दो की हालत गंभीर

सोनीपत के नागरिक अस्पताल में फूड पॉइजनिंग का कहर
एक की मौत, दो की हालत गंभीर, PGI रोहतक रेफर
पीने का पानी बताया जा रहा मुख्य कारण

सुशील मोर  



हरियाणा के सोनीपत जिले से शुक्रवार को एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां फूड पॉइजनिंग के चलते अग्रसेन चौक के पास कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रभावित लोगों को सोनीपत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए PGI रोहतक रेफर किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में पीने के पानी को फूड पॉइजनिंग का मुख्य कारण बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस क्षेत्र से यह घटना हुई है, वहां पिछले कुछ दिनों से पानी की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। बताया जा रहा है कि दूषित पानी पीने से कई लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायतें हुईं।

नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती मरीजों का इलाज जारी है। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि यदि पानी में बैक्टीरिया या रासायनिक तत्व मिल जाते हैं तो इससे फूड पॉइजनिंग जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पानी को उबालकर या फिल्टर करके ही पिएं, और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।

मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं प्रशासन ने इस मामले में पानी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और इलाके में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सतर्क कर दिया गया है।