जीजेयू हिसार में फीस बढ़ोतरी पर बवाल: दीवार फांदकर कैंपस में घुसे छात्र, पुलिस से धक्का-मुक्की; 6 घंटे चला हंगामा
हिसार के गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्रों ने जमकर हंगामा किया। दीवार फांदकर कैंपस में घुसने और पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद वीसी ने जांच कमेटी बनाने का आश्वासन दिया।
■ फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन
■ दीवार फांदकर कैंपस में घुसे, पुलिस से हुई खींचतान
■ वीसी ने कमेटी बनाकर जांच का दिया आश्वासन
हिसार स्थित Guru Jambheshwar University of Science and Technology (जीजेयू) में मंगलवार को फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्रों ने जमकर हंगामा किया। हालात इतने बिगड़ गए कि कई छात्र दीवार फांदकर कैंपस में घुस गए और इस दौरान पुलिस व सुरक्षाकर्मियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। करीब 6 घंटे तक कैंपस में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे छात्र नेता और बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर इकट्ठा हुए। छात्रों का कहना था कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कोर्स फीस, रिअपीयर फीस और अन्य शैक्षणिक फॉर्म की फीस में भारी बढ़ोतरी कर दी है, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे हैं। भीड़ को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने गेट बंद कर दिए और छात्रों को अंदर जाने से रोक दिया।
इससे गुस्साए छात्र दीवारों पर चढ़ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध बढ़ता देख कुछ छात्र दीवार फांदकर कैंपस के अंदर घुस गए और सीधे वीसी ऑफिस की ओर बढ़ने लगे। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए वीसी ऑफिस के गेट भी बंद कर दिए, लेकिन वहां भी छात्र पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ छात्रों ने गेट खोलने के लिए धक्का भी लगाया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान गेट खोलने को लेकर सुरक्षाकर्मियों और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए।
छात्रों का आरोप है कि नर्सिंग कॉलेज की फीस में भारी बढ़ोतरी की गई है। पिछले साल एक सेमेस्टर की फीस 75 हजार रुपए थी, जिसे इस बार बढ़ाकर करीब 98 हजार रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य शैक्षणिक फॉर्म और कोर्स फीस में भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे छात्रों में रोष है।
हंगामा बढ़ने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन हरकत में आया और छात्रों को बातचीत के लिए बुलाया गया। वीसी नरसीराम बिश्नोई ने छात्र प्रतिनिधियों की बात सुनी और फीस बढ़ोतरी की जांच के लिए एक कमेटी बनाने का आश्वासन दिया। इस कमेटी में छात्र प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई है, लेकिन छात्रों ने साफ किया है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
Akhil Mahajan