राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर पर फायरिंग केस में एनकाउंटर, एक शूटर की मौत, दूसरा गंभीर

गुरुग्राम में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में पंजाब निवासी गुरुशेर की मौत हो गई, जबकि दूसरा आरोपी घायल हो गया। मामला फायरिंग केस से जुड़ा है।

राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर पर फायरिंग केस में एनकाउंटर, एक शूटर  की मौत, दूसरा गंभीर

➤ गुरुग्राम में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़

➤ क्रॉस फायरिंग में पंजाब के बदमाश गुरुशेर की मौत

➤ राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर फायरिंग मामले से जुड़ा था केस


गुरुग्राम में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने देर रात इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस की क्राइम ब्रांच और दो बदमाशों के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में एक बदमाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान गुरुशेर सिंह उर्फ शेरा के रूप में हुई है, जो पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला था। वहीं दूसरा आरोपी जसपाल उर्फ बबल घायल बताया जा रहा है। दोनों बदमाशों को गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच पूछताछ और कार्रवाई के लिए लेकर आई थी।

जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी 2 मई की रात हुई उस सनसनीखेज फायरिंग वारदात में शामिल थे, जिसमें हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ के घर के बाहर गोलियां चलाई गई थीं। इस फायरिंग में सौरभ के साथ मौजूद हरियाणा पुलिस के जवान और पीएसओ कुलबीर को गोली लगी थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों को लेकर क्राइम ब्रांच टीम किसी लोकेशन पर पहुंची थी, तभी बदमाशों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में गुरुशेर को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घायल आरोपी जसपाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि 2 मई को हुई फायरिंग की घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इस मामले ने उस समय भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं, क्योंकि घटना सीधे हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों पर हमला मानी जा रही थी।