हरियाणा में एनकाउंटर, रोहित गोदारा गैंग के दो इनामी बदमाश पुलिस ने दबोचे
गुरुग्राम बॉर्डर पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। 20 हजार के इनामी समेत दो बदमाश गिरफ्तार हुए। दोनों रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हैं और करनाल में फिरौती फायरिंग में शामिल थे।
➤ गुरुग्राम बॉर्डर पर पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़
➤ 20 हजार के इनामी समेत दो बदमाश गिरफ्तार
➤ रोहित गोदारा गैंग से जुड़े, करनाल में फिरौती फायरिंग में शामिल
गुरुग्राम बॉर्डर पर बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने 20 हजार के इनामी अपराधी समेत दो बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए दोनों बदमाश कुख्यात रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार,आकाश राजपूत जुलाई 2022 में करनाल के असंध में एक अस्पताल के बाहर फिरौती के लिए हुई गोलीबारी में शामिल था । जांच में पता चला कि इस घटना में ये दोनों बदमाश शामिल थे। इसके बाद हरियाणा पुलिस की स्पेशल टीम सक्रिय हुई और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर गुरुग्राम बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी दौरान संदिग्ध गाड़ियों को रोकने की कोशिश की गई तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों को दबोच लिया गया। इनमें से एक पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ में कई बड़ी आपराधिक वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। रोहित गोदारा गैंग हरियाणा और राजस्थान में लगातार सक्रिय है और सुपारी किलिंग से लेकर फिरौती की घटनाओं में शामिल पाया गया है। गुरुग्राम में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
Akhil Mahajan