हांसी बना हरियाणा का 23वां जिला, सीएम नायब सैनी का बड़ा ऐलान, एक हफ्ते में नोटिफिकेशन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को हरियाणा का 23वां जिला घोषित किया। एक सप्ताह में नोटिफिकेशन जारी होगा। नए जिले में 2 उपमंडल और 3 तहसील होंगी।
➤ हांसी को हरियाणा का 23वां जिला बनाने का ऐलान
➤ एक हफ्ते में नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना
➤ नए जिले में 2 उपमंडल, 3 तहसील और 97 राजस्व गांव
हांसी अब हरियाणा का 23वां जिला होगा। मंगलवार को हांसी में आयोजित भाजपा की विकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2017 में हांसी को पुलिस जिला बनाया गया था। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले वह हांसी आए थे, लेकिन आचार संहिता लगने के कारण उस समय उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी थी। उन्होंने कहा कि आज वह उसी अधूरी इच्छा को पूरा करने आए हैं और हांसी को राज्य का 23वां जिला घोषित करते हैं।
इस घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और खुशी जताई। सरकार की ओर से हांसी जिले का प्रस्तावित नक्शा भी जारी कर दिया गया है। वर्तमान में हांसी पुलिस जिला है और इसी पुलिस जिले के सीमांकन को नए जिले का राजस्व सीमांकन माना जाएगा। इसका ड्राफ्ट तैयार कर राजस्व विभाग को भेज दिया गया है।
नए हांसी जिले में दो उपमंडल हांसी और नारनौंद होंगे। इसके अलावा हांसी, नारनौंद और बास तहसील शामिल रहेंगी। खेड़ी चोपड़ा उपतहसील को भी नए जिले में शामिल किया गया है। जिले में कुल 97 राजस्व गांव और 110 पंचायतें होंगी।
हांसी के जिला बनने के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव होगा। अब लोगों को जिला स्तर के कार्यों के लिए हिसार नहीं जाना पड़ेगा। हांसी में ही उपायुक्त बैठेंगे और जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थापना होगी। इससे मुकदमों की सुनवाई और प्रशासनिक कामकाज स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगा।
जिला बनने से हांसी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। सरकार की ओर से नई योजनाएं लाई जाएंगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
भाजपा विधायक विनोद भयाना ने मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कहा कि हांसी के लोग इस दिन को कभी नहीं भूल पाएंगे।
Author1