हांसी को मिला पहला DC, राहुल नरवाल बने जिले के उपायुक्त

हरियाणा के 23वें जिले हांसी को पहला उपायुक्त मिल गया है। 2016 बैच के IAS अधिकारी राहुल नरवाल को DC नियुक्त किया गया है।

हांसी को मिला पहला DC, राहुल नरवाल बने जिले के उपायुक्त
  • हरियाणा के 23वें जिले हांसी को मिला पहला उपायुक्त
  • 2016 बैच के IAS अधिकारी राहुल नरवाल को सौंपी जिम्मेदारी
  • जिला बनने के 9 दिन बाद प्रशासनिक ढांचा हुआ मजबूत

हरियाणा के नवगठित 23वें जिले हांसी को पहला उपायुक्त मिल गया है। राज्य सरकार ने 2016 बैच के IAS अधिकारी राहुल नरवाल को हांसी का पहला DC नियुक्त किया है। यह नियुक्ति जिले के प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

राहुल नरवाल वर्तमान में ग्रामीण विकास विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग में निदेशक व विशेष सचिव के साथ-साथ कॉनफेड के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। सरकार ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपते हुए हांसी जिले का प्रशासनिक नेतृत्व सौंपा है।

गौरतलब है कि 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद 22 दिसंबर को जिले का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया। जिला बनने के 9 दिन बाद उपायुक्त की नियुक्ति की गई है।

राहुल नरवाल ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार से पशु चिकित्सा विज्ञान में B.V.Sc. & AH की पढ़ाई की है। उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें नए जिले की जिम्मेदारी सौंपी है।

उनकी पहली पोस्टिंग 2019-20 में झज्जर के बेरी क्षेत्र में SDM के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्होंने चरखी दादरी और भिवानी में ADC, वर्ष 2022 में पानीपत नगर निगम कमिश्नर और हाल ही में चरखी दादरी व फतेहाबाद में DC के रूप में सेवाएं दी हैं। बतौर उपायुक्त यह उनकी तीसरी नियुक्ति है।