हांसी रैली में रामकुमार गौतम का विरोधियों पर तीखा हमला : जातिवाद फैलाने वालों के खिलाफ हूं, जाट समाज के नहीं: गौतम

हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास रैली में विधायक रामकुमार गौतम ने जातिवाद पर बयान दिया और हांसी को जिला बनाने की मांग उठी।

हांसी रैली में रामकुमार गौतम का विरोधियों पर तीखा हमला : जातिवाद फैलाने वालों के खिलाफ हूं, जाट समाज के नहीं: गौतम
  • हांसी विकास रैली में रामकुमार गौतम का जातिवाद पर हमला
  • हांसी को जिला बनाने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी गई
  • भारी सुरक्षा के बीच हजारों लोगों की मौजूदगी


हरियाणा के हिसार जिले के उपमंडल हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास रैली आयोजित की गई। रैली की शुरुआत वंदे मातरम् गीत के साथ हुई। कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ जुटती गई और बड़ी संख्या में महिलाएं भी रैली में नजर आईं।

रैली में सबसे ज्यादा चर्चा हांसी को जिला बनाने की मांग को लेकर रही। विधायक विनोद भयाणा ने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग पत्र रखते हुए हांसी को जिला घोषित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने हांसी में स्टेडियम और पोलिटेक्निक कॉलेज निर्माण तथा बस स्टैंड को ऊंचा उठाने की मांग भी रखी।

रैली को संबोधित करते हुए सफीदो विधायक रामकुमार गौतम ने विरोधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ बीते कई दिनों से प्रचार किया जा रहा है, लेकिन उन्होंने कभी जाट समाज के खिलाफ कुछ नहीं कहा। उन्होंने जाट समाज को देशभक्त बताया और कहा कि वे जातिवाद का जहर फैलाने वालों और समाज को बांटने वालों के खिलाफ हैं।

रामकुमार गौतम ने कहा कि जिसको रोना है, वह रोता रहे। यह सरकार बेधड़क चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सबका काम करते हैं और इसका इलाज किसी के पास नहीं है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में मोदी सरकार आने के बाद से खुद को हिंदुस्तानी कहने पर गर्व महसूस होता है। विधायक ने नारनौंद से कैप्टन अभिमन्यु की हार पर दुख जताया और कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि हुड्‌डा आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि उनके और कैप्टन के साथ जुड़े कई लोग भी पलट गए।

रैली को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने पूरी तैयारियां की थीं। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, विधानसभा स्पीकर कृष्ण लाल मिड्‌ढा, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, विधायक सावित्री जिंदल, विधायक रामकुमार गौतम, कैप्टन अभिमन्यु, मनीष ग्रोवर और सुरेंद्र पूनिया सहित कई नेता मंच पर मौजूद रहे।

तोशाम रोड पर ट्रक यूनियन के सामने नई ऑटो मार्केट पार्किंग में विशाल पंडाल लगाया गया। पंडाल में 5 से 7 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। मुख्य मंच पर लगभग 60 विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था रही।

भीड़ प्रबंधन के लिए पंडाल को आठ ब्लॉकों में बांटा गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। चेकिंग के बाद ही लोगों को रैली स्थल में प्रवेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन, एसडीएम राजेश कोट और अन्य वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे।

विधायक के अनुसार रैली में कई बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की गई। इनमें 10 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से मल्टीपरपज हॉल, 200 करोड़ रुपए की लागत से नई पुलिस लाइन और 61 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से पेयजल प्रबंधन परियोजना का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा डंडेरी और लोहारी राघो गांव में बने 33 केवी बिजली सब स्टेशनों का उद्घाटन भी किया गया।