पत्नी की ह*त्या कर युवक ने की आत्म*हत्या
हांसी के भाटला गांव में युवक ने पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या कर पशु बाड़े में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, दो मासूम बेटियां अनाथ।
- हांसी में युवक ने पत्नी की हत्या कर खुद की जान ली
- तेजधार हथियार से वार कर पत्नी को उतारा मौत के घाट
- दो मासूम बेटियों के सिर से उठा माता-पिता का साया
हरियाणा के हांसी क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। भाटला गांव में एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या की और इसके बाद पशुओं के बाड़े में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो महिला का शव घर के कमरे में खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। युवक घर में नहीं मिला, जिसके बाद पशुओं के बाड़े में जाकर देखा गया, जहां उसका शव रस्सी के फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान भाटला गांव निवासी राकेश के रूप में हुई है, जो कोल्ड ड्रिंक्स की फैक्ट्री में काम करता था। उसकी पत्नी का नाम सीमा था। दोनों की शादी वर्ष 2019 में हुई थी और उनके दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब 4 साल और 2 साल बताई जा रही है।
डीएसपी सिद्धार्थ ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर आपसी झगड़ा चल रहा था। इसी के चलते युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर राकेश के खिलाफ पत्नी की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
Akhil Mahajan