हरियाणा में 7500+ पदों पर भर्ती की तैयारी, ग्रुप-D के लिए जल्द खुलेगा CET पोर्टल; जानें 4 अहम निर्देश
हरियाणा में ग्रुप-D के 7,596 पदों पर भर्ती की तैयारी तेज। HSSC जल्द CET पोर्टल खोलेगा। 17 लाख आवेदन की उम्मीद, युवाओं को दस्तावेज तैयार रखने की सलाह।
■ ग्रुप-D CET पोर्टल जल्द खुलेगा, अमेंडमेंट नोटिफिकेशन का इंतजार
■ CM सरकार ने 7,596 पदों पर भर्ती का किया ऐलान
■ 17 लाख तक आवेदन की उम्मीद, दस्तावेज पहले से रखें तैयार
हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप-D के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) की प्रक्रिया तेज कर दी है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया है कि आयोग अमेंडमेंट नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहा है और जैसे ही यह जारी होगा, CET ग्रुप-D आवेदन पोर्टल खोल दिया जाएगा। तारीख का ऐलान किसी भी समय हो सकता है। ऐसे में युवाओं को अभी से तैयारी और दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए।
चेयरमैन ने अभ्यर्थियों के लिए चार अहम निर्देश भी जारी किए हैं। पहला, आवेदन से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें। दूसरा, आवेदन फॉर्म स्वयं भरें और किसी अन्य पर निर्भर न रहें। तीसरा, फॉर्म सावधानीपूर्वक भरें ताकि किसी तरह की त्रुटि न हो। चौथा, आवेदन जमा करने के बाद प्रिंट आउट निकालकर उसे ध्यान से पढ़ें और सुनिश्चित करें कि कोई गलती न हो।
इस बीच सरकार ने सभी विभागाध्यक्षों से ग्रुप-D के खाली पदों की जानकारी मांगी है। चीफ सेक्रेटरी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 2023 के भर्ती विज्ञापन के बाद 2024 में नियुक्तियां दी गई थीं, लेकिन कुछ पद अब भी खाली हैं। विभागों से रिपोर्ट मिलने के बाद शेष अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरकार पहले ही 7,596 पदों पर भर्ती की घोषणा कर चुकी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राज्य में SC आरक्षण के वर्गीकरण को लागू किया गया है। इसके तहत 1,209 पद DSC (Deprived Scheduled Caste) और OSC (Other Scheduled Caste) के लिए आरक्षित किए गए हैं।
आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस परीक्षा के लिए करीब 17 लाख आवेदन आने की संभावना है। वहीं, जो अभ्यर्थी पहले ही ग्रुप-C के लिए आवेदन कर चुके हैं, उनमें से बड़ी संख्या ग्रुप-D के लिए भी आवेदन कर सकती है। अनुमान है कि दोनों परीक्षाओं के कुल आवेदक 31 लाख से अधिक हो सकते हैं। इतने बड़े स्तर पर आवेदन की संभावना को देखते हुए आयोग तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।
Akhil Mahajan