इसराइल चौधरी बोले- अंतरात्मा की आवाज पर की क्रास वोटिंग
राज्यसभा चुनाव के बाद हरियाणा में सियासत तेज, कांग्रेस विधायक इसराइल चौधरी ने क्रॉस वोटिंग स्वीकार की और भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा किया।
➤ क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस विधायक इसराइल भाजपा नेताओं के साथ मंच पर दिखे
➤ सतीश नांदल को वोट देने की खुले मंच से कबूली बात
➤ राव नरबीर बोले- क्षेत्र के विकास के लिए लिया साहसिक फैसला
राज्यसभा चुनाव के बाद हरियाणा की राजनीति गरमाई हुई है। क्रास वोंटिंग के बाद कांग्रेस के निशाने पर आए हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी अब भाजपा के बड़े नेताओं के साथ एक मंच पर दिखने लगे हैं। शनिवार को हथीन में रामनवमी और ईद मिलन समारोह का में कांग्रेस विधायक इसराइल और भाजपा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह एक ही सोफे पर बैठे नजर आए।
विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने समारोह में कहा कि उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल को अपनी अंतरात्मा की आवाज और क्षेत्र की भलाई के लिए वोट दिया है। उन्होंने कहा कि वोट देना उनका अधिकार है और उन्होंने वही किया जो उन्हें सही लगा। वोट को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं, लेकिन वे खुलकर स्वीकार करते हैं कि उन्होंने सतीश नांदल को ही वोट दिया है। उन्होंने मेवात के कुछ नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। वहीं, मंत्री राव नरबीर सिंह ने कांग्रेस विधायक की 'क्रॉस वोटिंग' पर मुहर लगाते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक ने क्षेत्र के विकास के लिए साहसिक फैसला लिया है। हथीन से कांग्रेस विधायक इसराइल चौधरी द्वारा भाजपा समर्थित प्रत्याशी सतीश नांदल को दिया गया वोट केंद्र या प्रदेश की राजनीति पर कोई प्रभाव नहीं डालता, क्योंकि दोनों जगह पूर्ण बहुमत की सरकारें हैं।
उन्होंने कहा कि यह वोट क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करने की सोच के साथ दिया गया है। रामनवमी और ईद मिलन के इस संयुक्त समारोह में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री विपुल गोयल, हज कमेटी के चेयरमैन ओरंगजेब, हज कमेटी के पूर्व चेयरमैन खुर्शीद राजाका सहित जिले के गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Akhil Mahajan