हरियाणा में डेंगू-मलेरिया का प्रकोप, 470 से ज्यादा मरीज, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
हरियाणा में डेंगू और मलेरिया के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। रेवाड़ी में सबसे ज्यादा 107 डेंगू केस मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
➤ हरियाणा में डेंगू के 365 और मलेरिया के 105 केस
➤ रेवाड़ी में सबसे ज्यादा 107 डेंगू मरीज दर्ज
➤ भिवानी को छोड़कर सभी जिलों में मिले केस
हरियाणा में डेंगू और मलेरिया के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में अब तक डेंगू के 365 और मलेरिया के 105 मरीज सामने आ चुके हैं। सबसे गंभीर स्थिति रेवाड़ी जिले की है, जहां डेंगू के अकेले 107 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा गुरुग्राम में 49, करनाल में 26, सोनीपत में 25, रोहतक में 24 और पंचकूला में 17 मरीज रिपोर्ट हुए हैं।
प्रदेश का भिवानी जिला ऐसा है जहां से अभी तक एक भी डेंगू का केस सामने नहीं आया है। वहीं, अंबाला से 4, चरखी दादरी से 9, फरीदाबाद से 8, फतेहाबाद से 1, हिसार से 10, झज्जर से 14, जींद से 9, कुरुक्षेत्र से 5, महेंद्रगढ़ से 10, नूह से 5, पलवल से 2, पानीपत से 13, सिरसा से 3 और यमुनानगर से 15 केस मिले हैं।
बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को एडवाइजरी जारी की है। मरीजों के सैंपल अब 27 प्रयोगशालाओं में भेजे जा रहे हैं और जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें और बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। अधिकारियों का कहना है कि मानसून के दौरान डेंगू-मलेरिया का फैलना सामान्य है, लेकिन इस बार इसका फैलाव ज्यादा तेजी से हो रहा है, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।